राहुल गौतम/राष्ट्रीय जनमोर्चा
नई दिल्ली। कोरोना महामारी ने पूरे देश में कहर बरपा रखा है। पिछली बार तो यूपी में कम असर हुआ था लेकिन इस बार पूरा उत्तर प्रदेश कोरोना महामारी की चपेट में है। शहर से लेकर गांवों तक संक्रमितों की लाइन लगी है। ऐसे में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की जिम्मेदारी संभाल रहे पत्रकार भी लगातार कोरोना के शिकार हो रहे हैं। प्रदेश के कई पत्रकारों व उनके परिजनों की अब तक कोरोना महामारी से मौत हो चुकी है। शेष परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना से मरने वाले पत्रकारों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है। पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने इसका स्वागत करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि हालांकि कोरोना से मरने वाले पत्रकारों के आश्रितों के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दी जान वाली राहत राशि 10 लाख रुपये की जगह कम से कम 20 लाख रुपये होनी चाहिए। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री को पिछले महीने 28 अप्रैल को एक मांग पत्र भी भेजा था। बच्चन ने कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए पत्रकारों ने बड़ी कीमत चुकाई है। प्रदेश के कई पत्रकार हालात की रिपोर्टिंग करते हुए कोरोना की चपेट में आकर मौत के मुंह में समा गए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 30 मई को आज हिन्दी पत्रकारिता दिवस पर कोरोना से मरने वाले पत्रकारों के आश्रितों को सहायता राशि देने की घोषणा कर बड़ी राहत पहुंचाने का काम किया है।
बच्चन ने पात्र पत्रकारों के लिए जानकारी देते हुए बताया कि सहायता राशि पाने के लिए कोरोना के कारण मरने वाले का केवल पत्रकार होना जरूरी है। लेकिन यह जरूरी नहीं है कि वह मान्यता प्राप्त था या नहीं। अगर कोई पत्रकार पत्रकारिता कर रहा है और उसकी मौत कोरोना वायरस संक्रमण के कारण हुई है तो उसके परिजनों को यूपी सरकार की ओर से यह सहायता राशि दी जाएगी। परिजन जिला सूचना अधिकारी के माध्यम से भी इस सहायता राशि के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन भी कोरोना से जान गंवाने वाले पत्रकारों का पूर्ण ब्योरा जुटा रहा है। मृतक पत्रकारों की सूची तैयार होते ही सरकार को भेज दी जाएगी।
आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं:
1- आधार कार्ड, 2- मृत्यु प्रमाण पत्र, 3- कोविड-19 की पॉजिटिव रिपोर्ट, 4- मान्यता कार्ड या संस्थान का पहचान पत्र, 5- यदि स्वतंत्र पत्रकारिता में रहे हों तो जिला सूचना द्वारा सहमति पत्र, 6- परिवार का एक फोन नम्बर।
(नोट: इस संबंध में किसी भी सहयोग के लिए आप पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन से उनके फोन नंबर 9818959105 पर संपर्क कर सकते हैं।)


Leave a Reply