राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। लोहियानगर स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में ‘गाजियाबाद कायस्थ महासभा’ 29 सितंबर को कायस्थ महासम्मेलन एवं चित्रांश संसद का आयोजन कर रही है। संस्था के प्रवक्ता व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि इस देश को कायस्थ परिवार ने प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद और देश रत्न लाल बहादुर शास्त्री जैसा प्रधानमंत्री दिया है। आज उसी विरासत को हमें और सुदृढ़ करने की जरूरत है। यह तभी होगा जब हम सभी देश के कायस्थ एक मंच पर होंगे।

‘गाजियाबाद कायस्थ महासभा’ के अध्यक्ष विनोद कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट के अनुसार, कायस्थ महासम्मेलन के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री एवं भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद होंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व एमएलसी संजय मउख, धर्मगुरु व मार्गदर्शक स्वामी चक्रपाणि महाराज, भाजपा सांसद अतुल गर्ग, न्यू बिहार टाइम्स के प्रधान संपादक कमल किशोर सक्सेना, भारत गौरव व वरिष्ठ पत्रकार डॉ जितेन्द्र बच्चन शामिल हैं। महासम्मेलन का शुभारंभ रविवार, 29 सितंबर, 2024 की सुबह 9 बजे होगा और चित्रांश संसद शाम पांच बजे तक चल सकती है। कार्यक्रम में कई प्रदेशों के 500 से अधिक कायस्थ परिवारों के इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
गाजियाबाद चित्रांश महसभा के प्रवक्ता ने बताया कि ‘आपका साथ, सबका सम्मान’ के आधार पर कार्यक्रम को दो सत्रों में बांटा गया है। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि व कायस्थ विद्वानों का स्वागत, सम्मान, उद्बोधन होगा और दूसरे सत्र में देश की 21 कायस्थ संस्थाओं के प्रमुख एवं प्रतिनिधि आज के परिदृश्य, सरकार की नीतियों, बेरोजगार युवकों की समस्याओं और कायस्थों का देश के प्रति बढ़ता दायित्व विषय पर ‘चित्रांश संसद’ में चर्चा करेंगे।
उन्होंने बताया कि वन व पर्यावरण मंत्री उतर प्रदेश सरकार अरुण कुमार सक्सेना और कई आईपीएस व पीसीएस अधिकारियों से भी संपर्क कर उन्हें महासम्मेलन में विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया गया है। साथ ही महासभा के संयोजक राजीव कांत व एबीसीकेएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने समस्त कायस्थ भाई-बहनों से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


Leave a Reply