राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भूमि विवादों एवं जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है। मण्डलायुक्त सभागार में बुधवार को आयोजित मण्डलीय समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जनप्रतिनिधियों से नियमित संवाद रखें। बस्ती मंडल के तीनों जनपदों (बस्ती, संत कबीर नगर और सिद्धार्थनगर) की समीक्षा के दौरान उन्होंने इन जिलों के जनप्रतिनिधियों को अटल आवासीय विद्यालय का भ्रमण कराने के लिए निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी कमजोर, गरीब, उद्यमी, व्यवसायी की भूमि पर कोई कब्जा न करने पाए।
सीएम ने कहा कि महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा से संबधित मिशन शक्ति के अन्तर्गत अभियान 14 अक्टूबर से शुरू किया जाएगा। अधिकारी धर्मान्तरण, गो तस्करी, लवजिहाद के मामलों को गम्भीरता से लें। नेपाल से जुड़ी सीमा पर विशेष निगरानी रखें। सभी साईबर थाना एवं साईबर हेल्पडेस्क सक्रिय रखें। नगरपालिकाओं व नगरपंचायतों को सेफ सीटी के रूप में तैयार करें। उन्होने मण्डल के तीनों जिलों के अधिकारियों से संचारी रोग-डेंगू, चिकुनगुनिया, कालाजार, मलेरिया, फाइलेरिया आदि रोगों के बारे में जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपचार की मुकम्मल सुविधा उपलब्ध करायें।
वशिष्ठ चिकित्सा महाविद्यालय का किया निरीक्षण :
बुधवार, 4 अक्टूबर को बैठक के उपरान्त मुख्यमंत्री ने महर्षि वशिष्ठ चिकित्सा महाविद्यालय ओपेक कैली अस्पताल पहुंचकर इमरजेन्सी वार्ड, एलो जोन तथा रेड जोन का औचक निरीक्षण किया। उन्होने वहां भर्ती मरीजों से वार्ता की तथा उपचार एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों द्वारा बताया गया कि उपचार एवं सुविधा बेहतर ढंग से मिल रहा है। उन्होने मेडिकल कालेज में बैच तथा संचालित कोर्स के बारे में जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री राकेश संचान, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक अजय सिंह, मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह, आईजी आरके भारद्वाज, जिलाधिकारी अंद्रा वामसी, पुलिस अधीक्षक गोपाल कृष्ण चौधरी, प्रधानाचार्य डॉ मनोज कुमार, अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ नीरज पाण्डेय, सीएमएस डॉ एएन प्रसाद, एचओडी डॉ अनिल यादव सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।


Leave a Reply