राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कायस्थ जब तक एक मंच पर अपनी एकजुटता नहीं दिखाएंगे, तब तक न कायस्थ समाज का उत्थान होगा और न ही उनकी सशक्त भूमिका का सरकार को अहसास होगा। यह कहना है अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा (एबीसीकेएम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीके सक्सेना का। उन्होंने कायस्थों से अपील करते हुए कहा कि हम सभी को अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा फिर से पाने के लिए 19 दिसम्बर को दिल्ली में होने वाले जीकेसी के महासम्मेलन में शामिल होना चाहिए।
रविवार, 28 नवम्बर को गाजियाबाद स्थित प्रताप विहार के सेक्टर 11 में अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा के कार्यालय में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष वीके सक्सेना ने की और संचालन राष्ट्रीय महासचिव विजय कुमार श्रीवास्तव ने किया। दोनों नेताओं ने बताया कि 19 दिसम्बर को दिल्ली के ताल कटोरा स्टेडियम में ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस (जीकेसी) के द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय कायस्थ महासम्मेलन किया जा रहा है। इस अवसर पर देश के अधिकतर कायस्थ संगठन और संस्थाएं एक मंच पर एकत्रित हो रही हैं। एबीसीकेएम भी इस महासम्मेलन में भाग ले रहा है।
बीके सक्सेना ने एबीसीकेएम के सभी प्रदेश अध्यक्षों से कहा है कि वे सभी पदाधिकारियों और ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं के साथ 19 दिसम्बर को दिल्ली पहुंचे।
सक्सेना ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि अगले महीने जीकेसी द्वारा आयोजित होने वाले कार्यक्रम में लाखों कायस्थ परिवार दिल्ली में उपस्थित होंगे। इसकी रूपरेखा ग्लोबल कायस्थ कॉन्फ्रेंस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने तैयार की है। उन्होंने सभी कायस्थों को एक बैनर के नीचे आने का आह्वान किया है। एबीसीकेएम के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा है कि हम सभी कायस्थ भाई-बहनों को जीकेसी के ग्लोबल अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद के मार्गदर्शन में आगे बढ़ना चाहिए। निश्चित ही वह कायस्थ समाज को एक दिशा प्रदान करेंगे। इसमें सभी का हित निहित है। इसके साथ ही अगर हम एक हुए तो कायस्थों की भागीदारी लोकसभा और विधानसभा में भी होगी।
विजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा तन मन धन से जीकेसी के साथ है। इस अवसर पर महेंद्र लाल श्रीवास्तव, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अनुज कुमार श्रीवास्तव, रमेश भटनागर, राजेश निगम, श्रीमती किरण श्रीवास्तव, श्रीमती नीभा श्रीवास्तव, कुलदीप सक्सेना, श्रीमती शारदा सक्सेना, विजय कुमार श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, कपिल सिन्हा आदि मौजूद रहे।


Leave a Reply