कोरोना का कोहराम, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में नए दिशा-निर्देश

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। देश में कोरोना ने एक बार फिर कोहराम मचा दिया है। इस बार इसकी रफ्तार और तेज है। कोरोना के आने वाले नए मामले रोजाना रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में कोरोना के दो लाख से अधिक नए मामले सामने आए हैं, जबकि लगातार दूसरे दिन एक हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है। दूसरी ओर एक्टिव मामलों का आंकड़ा 14 लाख के पार पहुंच चुका है। ऐसे में दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के डिजिटल चैनल ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ में कोरोना महामारी को लेकर गहरी चिंता जताई है। वहां बढ़ रहे मामले पर एक रिपोर्ट प्रसारित की है, जिसे आप भी इस लिंक https://youtu.be/4rX3PC5-vsY पर जाकर देख सकते हैं। दूसरी ओर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,00,739 नए मामले सामने आए हैं और एक हजार से अधिक लोगों की मौत होने के साथ कोविड से मरने वालों की कुल संख्या 1,73,123 हो गई है।
राज्य सरकारें ऐसे में अब ज्यादा सख्ती बरत रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कोविड-19 संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गठित की गई टीम-11 के साथ गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। इस दौरान उन्होंने स्थिति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया है कि जिन जिलों में 2000 से ज्यादा कोरोना मरीज हैं, वहां नाइट कर्फ्यू का समय बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, गोरखपुर सहित 2,000 से अधिक एक्टिव केस वाले सभी 10 जनपदों में नाइट कर्फ्यू अब रात को 8 बजे से सुबह 7 बजे तक लागू होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीकेंड कर्फ्यू लगाने का ऐलान किया है। कोरोना के बिगड़ते हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। कर्फ्यू शुक्रवार रात 10 बजे शुरू होगा और सोमवार सुबह 6 बजे तक चलेगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा है कि दिल्ली के अस्पतालों में बेड की कोई कमी नहीं है। यहां अब भी 5000 से ज्यादा बेड खाली हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जरूरी सेवाओँ से जुड़े लोगों को कर्फ्यू पास जारी किए जाएंगे। मॉल, जिम, स्पा और ऑडिटोरियम बंद रखे जाएंगे। सिनेमा हॉल्स 30 फीसद क्षमता के साथ खुलेंगे। लोगों को रेस्टोरेंट में बैठकर खाने की अनुमति नहीं होगी, सिर्फ होम डिलीवरी की इजाजत होगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*