राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन शास्त्री नगर में जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान के प्रयास से देश की प्रतिष्ठित कंपनी स्पार्क मिंडा ग्रेटर नोएडा ने आयोजित किया विशेष रोजगार मेला
गाजियाबाद। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग श्री नरेंद्र कश्यप के करकमलों द्वारा आज आयोजित रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र पाकर दिव्यांगजनों के चेहरे खिल उठे। कुल 61 दिव्यांगजनों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 13 युवकों का रोजगार हेतु चयन किया गया। चयनितों में से 8 दिव्यांगजनों को स्वयं मंत्री महोदय ने अपने हाथों नियुक्ति पत्र एवं प्रशंस्ति प्रमाणपत्र प्रदान किए।
मंत्री श्री कश्यप ने दिव्यांगजनों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांग पेंशन को शीघ्र ही 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये किए जाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। साथ ही यह भी बताया कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आगे भी इस तरह के रोजगार मेले का आयोजन किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को रोजगार प्राप्त हो सके।
21 मई को शास्त्री नगर स्थित विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन में दिव्यांग सशक्तिकरण अधिकारी गाजियाबाद अंशुल चौहान के प्रयास से देश की प्रतिष्ठित कंपनी स्पार्क मिंडा ग्रेटर नोएडा द्वारा विशेष रोजगार मेले का आयोजन किया गया। स्पार्क मिंडा कंपनी ऑटोमोबाइल पार्ट्स निर्माण के क्षेत्र में कार्यरत है तथा इसके द्वारा चयनित दिव्यांगजनों को नोएडा स्थित संयंत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

गुरुवार को मंत्री जी के हाथों प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों में सूरज कुमार, हरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, अभिषेक बच्चन, अशुतोष कुमार सिंह, राहुल पाल, अनिल कुमार और अमित कुमार तिवारी शामिल रहे। मंत्री श्री नरेंद्र कश्यप ने दिव्यांगजनों को प्रेरित करते हुए कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने दिव्यांगजनों को आरक्षण, विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने स्पार्क मिंडा कंपनी द्वारा दिव्यांगजनों को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाने की सराहना की है।
कार्यक्रम में विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन की संचालक श्रीमती ममता चौधरी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अंशुल चौहान, स्पार्क मिंडा टीम का नेतृत्व कर रही कुमारी अंजलि जोशी, कंपनी के अन्य पदाधिकारी, पत्रकार, कॉलेज स्टाफ तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।


Leave a Reply