सांसद डॉ महेश शर्मा ने किया कौशल विकास केंद्र का शुभारंभ

संजीव भारद्वाज/ राष्ट्रीय जनमोर्चा
खुर्जा (बुलंदशहर)। एकेपी डिग्री कॉलेज में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वर्तमान सांसद गौतमबुद्ध नगर डॉ महेश शर्मा ने कौशल विकास केंद्र का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। इसी के साथ स्वरोजगार योजना के अंतर्गत आर्टिफिशियल ज्वेलरी का 13 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ हो गया। यह खुर्जा के लिए बहुत गौरव की बात है। इसमें शहर के ही नहीं अपितु ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी लाभान्वित होंगे।
शुक्रवार, 11 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में डॉ महेश शर्मा ने कहा कि कौशल विकास योजना का उद्देश्य देश के युवाओं को अल्पकालिक प्रशिक्षण के माध्यम से कौशल प्रदान करना है। इससे वे अपना रोजगार स्वयं प्रारंभ कर सकते हैं और नौकरी करने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बन सकते हैं।
एकेपी डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल डिंपल बिज ने बताया कि उत्तर प्रदेश कौशल विकास योजना के तहत युवाओं को फैशन डिजाइनिंग, मोटर वाहन, कंप्यूटर, इलेक्ट्रॉनिक, इलेक्ट्रीशियन, ब्यूटीशियन हेल्थकेयर, आर्टिफिशियल ज्वेलरी आदि में प्रशिक्षित किया जाता है। इस अवसर पर खुर्जा अध्यक्ष श्रीमती अंजना भगवान दास सिंघल वाटर फ्रीजर कूलर और आरओ सिस्टम कॉलेज को भेंट किया। साथ ही आश्वासन दिया कि जल्द ही कॉलेज के आगे की सड़क पर इंटर लॉकिंग की सुविधा प्रदान की जाएगी।
श्री भक्त हनुमान सेवा समिति ट्रस्ट के जिला अध्यक्ष डीसी गुप्ता भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उन्होंने समिति की तरफ से कौशल विकास केंद्र के लिए छत के 10 पंखे उपलब्ध कराये। जबकि श्री समिति के जिला उपाध्यक्ष बसंत कानोडिया ने जाड़ों में कन्याओं को स्वेटर उपलब्ध कराने के लिए वादा किया है। डीसी गुप्ता ने कॉलेज की प्रिंसिपल डिंपल विज की सराहना करते हुए कहा कि उनका विज़न और कार्य करने की क्षमता अतुलनीय है। उन्होंने अपने अल्प कार्यकाल में विद्यार्थियों को स्वावलंबी बनाया है। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने पौधरोपण भी किया। कार्यक्रम में साधना अग्रवाल, पीयूष गर्ग, किशन सिंह भाटी, नवीन बंसल, राम दिवाकर आदि का विशेष सहयोग रहा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*