राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गुरुग्राम। जेपी आंदोलन के नेता, समाजवादी पार्टी के संस्थापक और लोकसभा सांसद मुलायम सिंह यादव का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे। दो अक्टूबर को हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था, जहां लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर थे। आज सुबह 8:15 बजे 82 वर्षीय मुलायम सिंह यादव अंतिम सांस ली।
सपा के मुखिया व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नेताजी के निधन की जानकारी देते हुए ट्वीट किया है, ”मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेता जी नहीं रहे।” साथ ही यह भी जानकारी आ रही है कि मुलायम सिंह यादव का अंतिम संस्कार सैफई में होगा। उनके निधन पर यूपी में तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया गया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि देश में जब भी मर्यादित और संसदीय परम्पराओं वाली राजनीति की चर्चा होगी तो मुलायम सिंह यादव जी का जिक्र जरूर होगा। उनका जाना देश की समाजवादी विचारधारा और राजनीति के लिए बड़ी क्षति है। मेरा सौभाग्य है कि वो सदन में मेरे साथी सदस्य रहे और उनका हमेशा सहयोग मिला।
विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे मुलायम सिंह- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि मुलायम सिंह यादव एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने आगे लिखा है, मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जताई संवेदना :
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताते हुए कहा है, राजनीति में विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताज़ा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएँ।


Leave a Reply