राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। तिहार परिवार हर वर्ष की भांति इस साल भी ओडिशा का प्रसिद्ध पर्व नुआखाई बड़े पैमाने पर मनाने की तैयारी में लगा है। इस वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन 15 सितम्बर क़ो सेक्टर 34 कम्युनिटी सेंटर नोएडा में किया जाएगा। तिहार परिवार नोएडा के अध्यक्ष इंजीनियर खीर मोहन अदाबर के नेतृत्व में उनकी पूरी टीम लगातार समारोह के हर आयोजन को बेहतरीन बनाने के लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और समाज के विशिष्ट जनों से संपर्क कर रही है।
अध्यक्ष खीर मोहन अदाबर ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि नुआखाई पर्व समारोह के लिए विशिष्ट अतिथि के रूप में लोकसभा सदस्य व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा, भाजपा विधायक पंकज सिंह, जिलाधिकारी मनीष वर्मा, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत गौरव जितेन्द्र बच्चन और भाजपा के गौतम बुधनगर जिलाध्यक्ष जोगेंद्र शर्मा से मुलाकात कर उनको आमंत्रित किया गया है। इन सभी विशिष्ट अतिथियों ने सहर्ष आने की स्वीकृति प्रदान कर दी है। रविवार, 25 अगस्त को नोएडा में एलआईसी के मुख्य प्रबंधक, शाखा प्रबंधक और कलिंग भारती फाउंडेशन के कार्यकर्ता रवि नारायण साहू से भी मुलाकात कर उनको वार्षिकोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि अन्न पूजा के साथ परिवार को एकसाथ जोड़ने वाला बंधन ओडिशा का प्रसिद्ध सामूहिक पर्व है नुआखाई। कोई कहीं भी हों, इस दिन अपने घर जरूर जाता है। अपने अराध्य देवी को नया अनाज चढ़ाने के बाद परिवार के सभी लोग करीब 150 से 200 लोग एकसाथ अन्न ग्रहण करते हैं।
खीर मोहन अदाबर के अनुसार, नुआखाई पर्व गांव की मिट्टी से जुड़ने का सशक्त माध्यम है। इस खास दिन पर शहर में रहने वाले बच्चों को उनके गांव, उनकी संस्कृति और मिट्टी से परिचित कराया जाता है। यह एक ऐसा अवसर होता है जहां न केवल युवा एवं परिवार बल्कि दोस्त और रिश्तेदार भी जो अपने गांव या शहर में अलग-अलग जगहों पर रहते हैं, एक साथ जुड़ते हैं। अन्य किसी भी शायद पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों जैसे त्योहारों या शादियों में यह संभव नहीं है, लेकिन यहां एकसाथ बैठकर अपनी मिट्टी के महत्व के बारे में उन्हें जानने का मौका मिलता है। नोएडा में होने वाले 15 सितंबर के इस भव्य समारोह में युवा पीढ़ी को एक बेहतर संदेश देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिसमें पारंपरिक नृत्य आदि शामिल होंगे।
वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा है कि नए फसल की खुशी में हर साल भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि पर मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व नुआखाई में हम सभी को शामिल होना चाहिए। इससे सामाजिक एकता, प्रेम एवं भाईचारा बढ़ता है। बच्चन ने यह भी कहा कि सामाजिक संस्थाओं को तिहार परिवार का पूरा साथ देना चाहिए। पर्व की पूर्व संध्या पर गरीबों को साड़ी, धोती, चावल, चिवड़ा, धान का भी वितरण होना चाहिए, ताकि उन्हें भी इस पर्व को उत्साह से मनाने का मौका मिले।
बच्चन के साथ-साथ सांसद, विधायक और कई अन्य सामाजिक संस्थाओं ने भी 15 सितंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन के लिए तिहार परिवार के अध्यक्ष व राष्ट्र गौरव सम्मान प्राप्त समाजसेवी खीर मोहन अदाबर और उनकी टीम के सभी सदस्यों की प्रशंसा की है।


Leave a Reply