राष्ट्रीय हिंदी दिवस की संध्या पर सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ के साहित्य व कला को देश ने सराहा

राष्ट्रीय जनमोर्चा। ब्यूरो

व्यक्तित्व-कृतित्व पर केंद्रित ‘ट्रू मीडिया’ पत्रिका विशेषांक का लोकार्पण
‘त्रिवेणी समारोह’ एवं दो द्विवसीय रस्सी कला प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन

नई दिल्ली। शाहदरा स्थित कैलाश कॉलोनी के स्वर्णकार धर्मशाला में राष्ट्रीय हिंदी दिवस की पूर्व संध्या पर जशाला फाउंडेशन दिल्ली द्वारा ‘त्रिवेणी समारोह’ एवं सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ की रस्सी चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी दो दिन चलेगी। समारोह के मुख्य अतिथि समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ के सम्पादक डॉ. जितेन्द्र बच्चन रहे। उन्होंने द्विप प्रज्ज्वलित कर समारोह एवं कला प्रदर्शनी का उद्घाटन करते हुए देश की समृद्ध विरासत को रेखांकित करने के लिए श्री ‘जसाला’ जी के साहित्य, काव्य और चित्रकला के परस्पर जुड़ाव की सराहना की है।
डॉ. बच्चन ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन (त्रिवेणी संगम) हमारी भाषाई और सांस्कृतिक विविधताओं को एकजुट करने का कार्य करते हैं। आज पूरा देश इनकी सराहना कर रहा है। अलग-अलग विधाओं में 10 विश्व कीर्तिमान स्थापित करने वाले श्री सुरेश पाल वर्मा ‘जसाला’ के व्यक्तित्व-कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए डॉ. बच्चन ने कहा कि इनकी हर विधा में भाषा, साहित्य, काव्य और कला का एक अनूठा व जीवंत प्रवाह देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि श्री जसाला जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पुस्तक लिखकर और रस्सी कला के माध्यम से जो विश्व रिकॉर्ड बनाएं हैं, उसने न केवल इतिहास रच दिया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय साहित्य और प्राचीन ज्ञान परंपरा को वैश्विक मंच प्रदान करने के प्रयास किए हैं। यह हम सभी के लिए प्रेरणादायक और गर्व की बात है।

कई पुस्तकों के साथ-साथ ‘ट्रू मीडिया पत्रिका’विशेषांक का भी लोकार्पण :

रविवार, 13 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. जय सिंह आर्य ने की, जबकि बतौर विशिष्ट अतिथि ट्रू मीडिया के प्रधान संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति, अतिथि डॉ. सुरेंद्र वर्मा, डॉ. बृजपाल सिंह संत, श्री प्रीतम सिंह ‘प्रीतम’ और श्री राजेंद्र वर्मा प्रधान मंचासीन रहे। जसाला फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने सभी प्रमुख अतिथियों एवं विशिष्टजनों को ‘राष्ट्रीय गौरव सम्मान’, अंगवस्त्र एवं मोतियों की माला से सम्मानित किया। इसके बाद श्री जसाला की कई पुस्तकों व ‘ट्रू मीडिया पत्रिका’विशेषांक का लोकार्पण किया गया।

सच्ची कला साधारण वस्तु में भी असाधारण संभावनाएं खोज लेती है :

‘ट्रू मीडिया पत्रिका’अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रस्सी चित्रकला में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके श्री जसाला के व्यक्तित्व व कृतित्व पर केंद्रित है। इसके अलावा कार्यक्रम में काव्य अनुगूज कवि सम्मेलन ने वातावरण को काव्यात्मक संवेदनाओं से भर दिया। रस्सी चित्रकला प्रदर्शनी ने दिल्ली एनसीआर से आए तमाम साहित्यकारों, कला प्रेमियों व समाजसेवियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। सामान्यतः उपयोग में आने वाली रस्सी को कलात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनाकर तैयार की गई श्री जसाला की कृतियों का स्पष्ट संदेश है कि सच्ची कला साधारण वस्तु में भी असाधारण संभावनाएं खोज लेती है।

कला-साधना व रचनात्मक योगदान का प्रतीक :

श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने इस अवसर पर श्री सुरेश पाल वर्मा जसाला को ‘ट्रू मीडिया गौरव सम्मान-2026’, अंगवस्त्र एवं पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। जो उनकी कला-साधना और रचनात्मक योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक बना। दर्शक दीर्घा में रस्सी चित्रकला प्रदर्शनी की विशेष चर्चा रही। चित्रों की मौलिकता, बारीक कारीगरी और कल्पनाशीलता ने सभी को प्रभावित किया। प्रदर्शनी की उपस्थितजनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे कला की पारंपरिक सीमाओं से आगे बढ़कर प्रयोगधर्मिता का शानदार उदाहरण बताया।

शब्दों ने संवेदना जगाई, कविता ने मन को छुआ :

समारोह को डॉ. जय सिंह आर्य, श्री ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. सुरेंद्र वर्मा, डॉ. बृजपाल सिंह संत, श्री प्रीतम सिंह ‘प्रीतम’ और श्री राजेंद्र वर्मा ने भी संबोधित किया। सभी ने ‘त्रिवेणी समारोह’ को खूब सराहा। शब्दों ने संवेदना जगाई, कविता ने मन को छुआ और रस्सी की साधारण डोर ने असाधारण कला का रूप लेकर यह संदेश दिया कि सृजन की कोई सीमा नहीं होती। इस अवसर पर श्री राम चरण सिंह साथी, श्री निर्दोष कुमार शर्मा, श्री राजेश मंडार, श्री सोनू सागर, श्री अशोक कुमार, श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं श्री हेमेन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य उपस्थिति रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*