कायस्थ समाज संगठित होगा तभी गौरवशाली विरासत बचेगी: डॉ. अनूप श्रीवास्तव

जितेन्द्र बच्चन / राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
– ‘के-कार्ड’ के लाभ से अवगत कराकर अधिक से अधिक कायस्थ बंधुओं को जुड़ने का किया आह्वान
जयपुर। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा राजस्थान द्वारा गुलाबी नगरी के श्री चित्रगुप्त ज्ञान मन्दिर परिसर में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कायस्थ समाज को संबोधित करते हुए कहा कि हमें अपनी गौरवशाली विरासत को बचाने व पुराने वर्चस्व को पाने के लिए संगठित होना बहुत जरूरी है। हम संगठित होंगे तभी कायस्थ समाज सशक्त होगा।
डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज को राजनीतिक रूप से भी मजबूत होने की जरूरत है। हमें अपने अधिकारों व हितों की रक्षा के लिए राजनीतिक दलों और नेताओं को प्रभावित करने के लिए एक साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा गौरवशाली अतीत रहा है। कायस्थ भारतीय सामाजिक संरचना में एक अत्यंत महत्वपूर्ण, शिक्षित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध जाति के रूप में सदा से प्रतिष्ठित रही है। लेकिन आज यही समाज सबसे अधिक पिछड़ा और बिखरा हुआ है। हमें सामाजिक न्याय और समानता के लिए आगे आना होगा। समाज के युवाओं के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के समान अवसर प्राप्त करने के लिए एकसाथ संघर्ष करना होगा। तभी हम अपने पुराने वर्चस्व को बचा पाएंगे।
शनिवार, 26 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ श्री चित्रगुप्त भगवान की पूजा-अर्चना के बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सन्तोष श्रीवास्तव, राष्ट्रीय महामंत्री कृष्ण कुमार श्रीवास्तव और राष्ट्रीय सचिव विजय सक्सेना का प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत-सत्कार किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ श्रीवास्तव ने कायस्थ परिवार के लिए ‘के कार्ड’ के संबंध में भी पूर्ण जानकारी देते हुए उसके फायदे बताए और लोगों से डिजिटल तरीके से आगे बढ़ने की सलाह दी।
राष्ट्रीय महासचिव कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने इस अवसर पर राजस्थान कायस्थ महिला शक्ति की स्थापना की घोषणा करते हुए कायस्थ एकता व अस्मिता की रक्षा के लिए कायस्थ महिला शक्ति को आगे बढ़कर महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि आज जो भी कायस्थ युवा अपना व्यवसाय करना चाहते हैं, उनका सहयोग करने के लिए कायस्थ समाज के उद्यमियों को आगे आना चाहिए।
राष्ट्रीय पदाधिकारियों के स्वागत में प्रदेश अध्यक्ष युगल किशोर नेहवारिया के साथ-साथ टीम के अन्य पदाधिकारी अनमोल माथुर, ललित सक्सेना, नीता माथुर एवं श्री चित्रगुप्त ज्ञान मन्दिर समिति के अध्यक्ष अवध बिहारी माथुर आदि शामिल रहे। डॉ अनूप श्रीवास्तव कायस्थों की बगीची स्थिति चित्रगुप्त मंदिर भी गए, जहां भगवान चित्रगुप्त के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर राजस्थान कार्यकारिणी के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। सभी को डिजिटल क्रांति लाने वाले ‘के-कार्ड’ के लाभ से अवगत करवाया गया और अधिक से अधिक कायस्थ बंधुओं को इससे जोड़ने का आह्वान किया गया।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*