राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नोएडा। बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी) कैंपस में राष्ट्रीय स्टार्टअप दिवस के अवसर पर ‘स्टार्ट-अप्स के लिए बौद्धिक संपदा संरक्षण का महत्व एवं प्रक्रिया’ विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान नवाचार परिषद के तत्वावधान में उद्यमिता क्लब, बीआईटी ऑफ कैंपस नोएडा द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आईपीस्टेलर के संस्थापक एवं निदेशक मुकेश मिश्रा ने कॉपीराइट, बौद्धिक संपदा एवं ट्रेडमार्क की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि स्टार्ट-अप्स के लिए अपने नवाचार, रचनात्मक कार्यों और ब्रांड पहचान की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। बौद्धिक संपदा संरक्षण न केवल विचारों की चोरी को रोकता है, बल्कि बाजार में प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त प्रदान करता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समय पर कॉपीराइट एवं ट्रेडमार्क पंजीकरण निवेशकों का विश्वास बढ़ाने और स्टार्ट-अप के दीर्घकालिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
संस्थान के निदेशक प्रो विकास त्रिपाठी ने आयोजकों का मार्गदर्शन किया और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम का समन्वयन सहायक प्राध्यापक डॉ. अरुण मित्तल, वंश राजपूत एवं अभिनव ने किया। डॉ. विभा काव रैना ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।


Leave a Reply