राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को महाराणा प्रताप जयंती पर पाकिस्तान को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को संरक्षण ही नहीं, सीधे-सीधे आतंकवाद में लिप्त है। उसका आतंकी चेहरा दुनिया के सामने अब बेनकाब हो चुका है। योगी ने महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जैसे वीर योद्धाओं को नमन करते हुए पाकिस्तान को आतंकवाद पर घेरते हुए कहा, “उसने इतनी बड़ी हिमाकत की है कि अब वह अपने वजूद के लिए संघर्ष करता दिखाई देगा।”
उन्होंने 22 अप्रैल को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा भारतीय पर्यटकों के साथ की गई बर्बरता का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना के बाद हर भारतवासी ने पाकिस्तान को सबक सिखाने की ठान ली थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। आज पाकिस्तान दुनिया में अलग-थलग पड़ चुका है और कराहता हुआ नजर आ रहा है।
सीएम योगी ने पाकिस्तान के बेशर्मीपूर्ण रवैये पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भारत की कार्रवाई में मारे गए आतंकियों के जनाजे में पाकिस्तान के शीर्ष सैन्य अधिकारियों व राजनीतिज्ञों की मौजूदगी दुनिया की आंखें खोलने वाली है। यह साबित करता है कि पाकिस्तान न केवल आतंकियों को संरक्षण देता है, बल्कि सीधे तौर पर आतंकवाद में शामिल भी है।
मुख्यमंत्री योगी ने देशवासियों से अपील की है कि वे भारतीय सेनाओं का मनोबल बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सावधान रहें। उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश की ओर से भारतीय सेनाओं के साथ मजबूती से खड़े होने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि हर भारतवासी की जिम्मेदारी है कि हम अपनी सेनाओं के साथ खड़े हों और शरारतपूर्ण कार्रवाइयों को बेनकाब करें। केंद्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में हमें एकजुट होकर कार्य करना है। भारत हर हाल में विजयी है और रहेगा।

Leave a Reply