राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
गाजियाबाद। अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार श्रीवास्तव ने कायस्थों का आह्वान किया है कि वे अपनी शक्ति को पहचानें। राजनीति में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, तभी तभी समाज और देश के लिए कुछ कर पाएंगे। क्योंकि आज सक्रिय राजनीति में पढ़े-लिखे लोगों के साथ-साथ हर वर्ग के लोगों की जरूरत है तो कायस्थ पीछे क्यों रहें?
श्री श्रीवास्तव बुधवार को उत्तर प्रदेश के नगर निकाय चुनाव में जीते कायस्थ प्रतिनिधियों को बधाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मेयर का चुनाव हो या पालिका अध्यक्ष अथवा पार्षद का, जहां भी कायस्थों ने जीत का परचम लहराया है, उनका अखिल भारतीय चित्रगुप्त कायस्थ महासभा (ABCKM) अभिनंदन करती है। यह गौरव की बात है। शीघ्र ही जीते हुए कायस्थ प्रत्याशियों का उनके शहर में ही एबीसीकेएम द्वारा नागरिक अभिनंदन किया जाएगा।
संगठन की ओर से विजय श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ भगवान चित्रगुप्त के अंश हैं, जिनका जन्म भगवान ब्रह्मा की काया से हुआ है। यह गौरव किसी अन्य जाति को नहीं प्राप्त है। उन्होंने कहा कि कायस्थ हमेशा से बुद्धि-विवेक और शिक्षा में अग्रणी रहे हैं पर हममें सेवा भावना की कमी है। अपने समाज के गरीब, निर्धन लोगों को सहयोग करने में हम संकोच करते हैं। इस कमी को हमें दूर करना है।
सफलता के लिए कायस्थ समाज को एकजुट होना जरूरी :
उन्होंने बुधवार को कायस्थों में एकता, सशक्तिकरण और आरक्षण समेत तमाम अन्य मुद्दों को लेकर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन के साथ एक बैठक की। इस बैठक में, सशक्तिकरण, समाजसेवा और राजनीति के क्षेत्र में कायस्थों की भागीदारी को लेकर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने कहा कि 2024 में लोकसभा का चुनाव होना है, उसके मद्देनजर कायस्थ समाज को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए, तभी हम हर स्तर पर मजबूत हो सकते हैं। उन्होंने कायस्थ बंधुओं से वैश्विक स्तर पर भी एबीसीकेएम (संगठन) को मजबूत बनाने पर जोर देते हुए कहा कि बिना संगठित हुए कोई समाज आगे नहीं बढ़ सकता, इसलिए हम सभी को संगठित होना पड़ेगा।

Leave a Reply