नोएडा मीडिया क्लब में फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सराहा

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
– सेक्टर-29 स्थित मीडिया क्लब में चल रही फोटो प्रदर्शनी का समापन 21 अगस्त होगा
नोएडा। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर नोएडा मीडिया क्लब में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। जिसका शुभारंभ मंगलवार को गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने किया। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चलने वाली इस प्रदर्शनी में खेल, अध्यात्म, संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी तस्वीरें दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
उद्घाटन के पश्चात लक्ष्मी सिंह और उनके अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों ने फोटो गैलरी का अवलोकन कर प्रेस फोटो ग्राफरों की मेहनत की सराहना करते हुए कहा, “एक तस्वीर हजारों भावों को बयां करती है और इसके पीछे फोटोग्राफर की अपनी सोच व कड़ी मेहनत होती है।” उन्होंने कहा कि मीडिया क्लब की इस पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की जरूरत है, जिसमें पुलिस हरसंभव आप पत्रकारों का सहयोग करेगी।


नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी ने इस अवसर पर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को पुष्प गुच्छ और प्रतीक चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया। जबकि क्लब के महासचिव जेपी सिंह, उपाध्यक्ष अमित चौधरी, सचिव जगदीश शर्मा, कोषाध्यक्ष मनोज वत्स और कार्यकारिणी सदस्य आंचल यादव ने अन्य अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया।
आलोक द्विवेदी ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि इस प्रदर्शनी में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के 50 से अधिक फोटो जर्नलिस्टों की कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। प्रदर्शनी का समापन गुरुवार, 21 अगस्त को होगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद, डीसीपी ट्रैफिक लखन सिंह, एडिशनल डीसीपी सुमित शुक्ल, एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह, नोएडा एंट्रेप्रेन्योर्स एसोसिएशन अध्यक्ष विपिन मल्हन, महासचिव वीके सेठ, नोएडा एम्प्लाइज एसोसिएशन अध्यक्ष राजकुमार चौधरी, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा समेत कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*