राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला करने वाले शख्स को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान एक डॉग लवर के रूप में हुई है और वह गुजरात का रहने वाला बताया जा रहा है। लेकिन कुछ अन्य सूत्रों के मुताबिक इस मामले में साजिश भी लग रही है, जिसकी पूरी जानकारी जुटाते हुए पुलिस आगे की तहकीकात करने में लगी है, जबकि सीमए रेखा गुप्ता सदमे में हैं।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर आरोपी ने यह हमला बुधवार की सुबह उस वक्त किया, जब वह जनसुनवाई कर रही थीं। उनके सिर में चोट आई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी 41 वर्षीय राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और पूछताछ जारी है। गुजरात पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी की मां ने बताया कि वह आवारा कुत्तों पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दिल्ली पहुंचा था। मानसिक रूप से बीमार है और वह पशु प्रेमी है। इससे पहले भी राजेश दिल्ली की यात्रा कर चुका है। वहीं दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की हुई और उनका सिर टेबल के कोने से टकरा गया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों ने गुप्ता की स्थिति स्थिर बताई है, हालांकि वह सदमे में हैं।


Leave a Reply