पौधा भेंट कर PIIT के चेयरमैन ने शुरू किया ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गौतमबुद्ध नगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के लिए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित एवं स्वस्थ भविष्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर डॉ. भरत सिंह ने पीआईआईटी संस्थान में आए समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन को एक पौधा भेंट कर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर डॉ. सिंह ने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से प्राकृतिक संतुलन को बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
गुरुवार, 4 मई को चेयरमैन ने शिक्षकों, समाजसेवियों, व्यापारियों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों व नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के रूप में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। साथ ही उसके संरक्षण एवं संवर्धन का भी उत्तरदायित्व निभाए।
जितेन्द्र बच्चन ने भी समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के सभी सदस्यों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों से अपील करते हुए कहा है कि वे ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में अपनी महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक अपने अनुभवों एवं मार्गदर्शन के माध्यम से तथा फेडरेशन के सदस्य व बच्चे पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। पौधरोपण एवं उसके संरक्षण की भावना को परिवार एवं समाज में विकसित करने के लिए सभी आयु वर्ग के लोगों की सहभागिता आवश्यक है। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक आर.के. शाक्य, मिथलेश मैम, जागेश मैम आदि उपस्थित थे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*