राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
जयपुर। कायस्थ इंटीग्रेटेड फोरम जयपुर द्वारा रविवार को अन्तर्राष्ट्रीय कायस्थ रत्न सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कायस्थ समाज के 97 वरिष्ठ नागरिकों, 41 मेधावी छात्रों व 21 युवा पत्रकारों को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ श्री चित्रगुप्त पीठ के जगद्गुरु चित्रगुप्ताचार्य स्वामी डॉ सच्चिदानंद जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानन्द जी महाराज व अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से भगवान चित्रगुप्त के फोटो के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
कायस्थ इन्टीग्रेटेड फ़ोरम जयपुर के अध्यक्ष डॉ अनिल सक्सेना के अनुसार, कार्यक्रम में डॉ. सच्चिदानंद जी महाराज और महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानन्द जी महाराज के पधारने से यह गुलाबी नगरी श्री चित्रगुप्तमय हो गई। वातावरण में भगवान श्री चित्रगुप्त जी की जय! ऊं श्री चित्रगुप्ताय नमः मंत्र और ॐ यमाय धर्मराजाय श्री चित्रगुप्ताय वै नमः मंत्र पूरे वातावरण में गूंज उठा।
डॉ सक्सेना के मुताबिक, एएमआरसी हास्पिटल किरण पथ मानसरोवर के सौजन्य से एक निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर भी आयोजित किया गया। जिसका जरूरतमंदों ने लाभ उठाया। कार्यक्रम में चित्रांश हितकारिणी सभा के अध्यक्ष व कायस्थ समाज के भीष्म पितामह चित्रांश देवेन्द्र सक्सेना ‘मधुकर’ उपस्थित रहे। पदाधिकारियों द्वारा 10वीं, 12वीं और तकनीकी शिक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले 41 प्रतिभाशाली कायस्थ बच्चों तथा 21 युवा चित्रांश पत्रकारों व समाज सेवियों को सम्मानित किया गया। जो लोग भी सम्मानित किए गए, उन्हें भगवान श्री चित्रगुप्त की प्रतिमा व उनका फोटो युक्त प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
डॉ अनिल सक्सेना ने समारोह में आए सभी अतिथियों के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज की विभिन्न संस्थाओं से आए पदाधिकारियों, समाज प्रेमियों व कायस्थ इन्टीग्रेटेड फोरम जयपुर के कोषाध्यक्ष चित्रांश प्रवीण कुमार सक्सेना और समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिस शिद्दत से आयोजन को सफल बनाने के लिए कार्य किया, उसकी हम सराहना करते हैं।


Leave a Reply