पीएम मोदी के मंत्र से यूपी बना उद्योगों का ड्रीम डेस्टिनेशन : योगी आदित्यनाथ

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नीति आयोग की शासी परिषद् की आठवीं बैठक को संबोधित किया। प्रगति मैदान में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सात बिंदुओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों को नीति आयोग के सामने रखा। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र को अंगीकार करते हुए उत्तर प्रदेश, देश में औद्योगिक निवेश के ‘ड्रीम डेस्टिनेशन’ के रूप में उभरा है। उन्होंने एमएसएमई, महिला सुरक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, पीएम गति शक्ति, स्वास्थ्य एवं पोषण पर चरणवार यूपी की उपलब्धियां गिनाई।
अपराध एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति :
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश करीब 25 करोड़ आबादी का राज्य न केवल भारत का सबसे बड़ा उपभोक्ता एवं श्रम बाजार है अपितु गंगा, यमुना व सरयू जैसी सतत् प्रवाहित नदियों के उपजाऊ मैदानों के साथ प्रचुर प्राकृतिक संसाधन से संतृप्त भी है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अपराध एवं भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेन्स की नीति है। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी में उत्तर प्रदेश का योगदान 8 प्रतिशत से अधिक है।
विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में उल्लेखनीय प्रगति:
मुख्यमंत्री ने कहा कि 96 लाख इकाइयों के साथ उत्तर प्रदेश में देश की सर्वाधिक एमएसएमई इकाइयां हैं। प्रदेश सरकार इस सेक्टर के विकास के लिए निरन्तर प्रयासरत् एवं प्रतिबद्ध है। प्रदेश का प्रत्येक जनपद अपने परम्परागत उत्पाद की विशिष्ट पहचान रखता है। प्रदेश सरकार ने इसे ओडीओपी के रूप में नई ऊंचाइयां प्रदान करने का कार्य किया है। सीएम योगी ने कहा कि विश्वस्तरीय इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने में उत्तर प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रयागराज को हल्दिया बन्दरगाह तक राष्ट्रीय जलमार्ग-1 का वाराणसी से हल्दिया तक का भाग संचालित है।
एक करोड़ से अधिक परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित :
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य एवं पोषण पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में विगत 6 वर्षों में संचारी रोगों के नियंत्रण, विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में जेई और एईएस रोग की रोकथाम में अभूतपूर्व सफलता मिली। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत लगभग 21.40 लाख गरीब लाभार्थियों का उपचार किया गया है। साथ ही 1 करोड़ से अधिक परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*