गाजियाबाद में आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों के 397 पद भरने की प्रक्रिया शुरू

प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिले में इस समय इन तीनों श्रेणी के करीब 397 पद खाली हैं। इसके लिए गाजियाबाद में रहने वाली महिला उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं। प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी रजनीश कुमार पांडेय ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि जनपद में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार उत्तर प्रदेश के अन्तर्गत संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों, आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त पदों पर भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी कर दी गई है। अन्तिम तिथि 18 जुलाई, 2021 है।
पांडेय के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों के 166 पद, मिनी आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों के 12 पद तथा सहायिका के 219 पदों पर भर्ती हेतु विज्ञप्ति जारी की गई है। पदों का ग्रामवार और वार्डवार विवरण एवं आरक्षण तथा अर्हता विभागीय वेबसाइट http://balvikasup. gov.in पर अपलोड कर दिया गया है। रिक्त पदों हेतु केवल महिला अभ्यर्थी पात्र होगी और आवेदन केवल ऑनलाइन विभागीय वेबसाइट http://balvikasup. gov.in पर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकृत्रियों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल एवं सहायिका के लिए कक्षा 05 पास होना आवश्यक है। नियुक्ति हेतु आयु सीमा दिनांक 01.01.2021 को 21 वर्ष से 45 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। आवेदिका को रिक्त पद के ग्राम पंचायत वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूर्णतः शासनादेश के अनुरूप पारदर्शी तरीके से चयन समिति द्वारा की जाएगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*