हिंदू कालेज में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी आयोजित

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
दिल्ली। हिंदू कालेज में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में वक्ताओं ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति में मातृभाषाओं में अध्ययन अध्यापन के संकल्प का स्मरण करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति को समझने के लिए मातृभाषाओं का सम्मान सबसे आवश्यक है।
संगोष्ठी की मुख्य वक्ता के रूप में दर्शन शास्त्र की सह आचार्य डॉ अनन्या बरुआ ने कहा, मातृभाषा में पढ़ना और सीखना अधिक बोधगम्य है, जो हमारी क्षमताओं को और अधिक पढ़ाएगा। उन्होंने अपनी मातृभाषा असमिया में कुछ पदों का गायन करते हुए कहा कि साहित्य के साथ-साथ विज्ञान और सामाजिकी में भी मातृभाषाओं के अधिकाधिक व्यवहार की जरूरत है।
मंगलवार, 24 फरवरी को आयोजित संगोष्ठी में डॉ बरुआ ने भारत के उत्तर पूर्वी राज्यों में बोली जाने वाली अनेक भाषाओं का परिचय दिया। उन्होंने बताया कि अकेले मणिपुर में ही अनेक आदिवासी भाषाएं हैं जिनमें देशज ज्ञान का भंडार है।
संस्कृत के शिक्षक डॉ पूरणमल वर्मा ने इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों को मातृभाषा में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि मातृभाषाओं का सम्मान हम सबका सामूहिक कर्त्तव्य है। डॉ वर्मा ने राजस्थानी की एक लोककथा के माध्यम से भारतीय संस्कृति में अंतर्निहित नैतिक मूल्यों की चर्चा भी की। संगोष्ठी में डॉ देवांशी मग्गू ने कहा कि घर में बोली जाने वाली भाषा वृहद ज्ञान, कौशल और अभिव्यक्ति का माध्यम बन सके इसके लिए उच्च शिक्षा से जुड़े शिक्षकों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों को आगे आना होगा।
इससे पहले अध्यक्ष निशांत सिंह ने प्राचार्य प्रो अंजू श्रीवास्तव का मातृ भाषा पर संदेश का वाचन किया, जिसमें बताया गया कि हिंदू कालेज में ही देश भर में बोली जाने वाली अनेक भाषाओं के विद्यार्थी हैं जो मिलकर मातृ भाषा के हमारे सभी संकल्पों को पूरा कर सकते हैं।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ पल्लव ने इस अवसर पर बताया कि महाविद्यालय की इकाई ने देश की अनेक भाषाओं को बोलने जानने वाले विद्यार्थियों को आपस में इन भाषाओं को सीखने और अधिकाधिक व्यवहार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए गतिविधियों का आयोजन किया है। हिन्दी विभाग प्रभारी प्रो बिमलेंदु तीर्थंकर, डॉ नीलम सिंह सहित अन्य शिक्षकों ने भी संगोष्ठी में विचार व्यक्त किए।

admin
About admin 3418 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*