शौर्य दिवस : धर्म के नाम पर कितना खून बहाया गया, उसका कोई हिसाब नहीं – राजनाथ सिंह

श्रीनगर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि कश्मीरियत के नाम पर आतंकवाद का जो तांडव इस प्रदेश में देखा गया, इसका कोई वर्णन नहीं किया जा सकता। धर्म के नाम पर कितना खून बहाया गया, उसका कोई हिसाब नहीं है। आतंकी तो बस हिंदुस्तान को लक्ष्य करके अपने मंसूबों को अंजाम देना जानते हैं।
गुरुवार, 27 अक्टूबर को को शौर्य दिवस पर बड़गाम में आयोजित सैन्य कार्यक्रम में संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत की जो एक विशाल इमारत हमें दिखाई दे रही है, वह हमारे वीर योद्धाओं के बलिदान की नींव पर ही टिकी हुई है। भारत नाम का यह विशाल वटवृक्ष उन्हीं वीर जवानों के खून और पसीने से अभिसिंचित है। आज का यह शौर्य दिवस, उन वीर सेनानियों की कुर्बानियों और बलिदान को ही याद करने का दिवस है। आज का यह दिवस, उनके त्याग और समर्पण को हृदय से नमन करने का दिवस है।
उल्लेखनीय है कि 26 अक्टूबर 1947 को जम्मू-कश्मीर का भारत के साथ विलय समझौता होते ही अगले दिन 27 अक्टूबर 1947 को भारतीय सेना लोगों की सुरक्षा के लिए कश्मीर की धरती पर पहुंच गई। सेना का यह अभियान हमारी क्षेत्रीय अखंडता की सुरक्षा के साथ-साथ, हमारी जनता की सुरक्षा का भी अभियान था। यह आजाद भारत को लेकर, यहां की जनता के सपनों, आशाओं और आकांक्षाओं को सुरक्षित करने का अभियान था। इस युद्ध में भारतीय सेना ने कश्मीरी भाई-बहनों और सुरक्षाबलों के सहयोग से ऐसा ऐतिहासिक काम किया कि उसकी जितनी सराहना की जाए कम है। हमारी सेनाओं ने दुश्मनों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया और जम्मू-कश्मीर समेत पूरे देश की संप्रभुता की सुरक्षा की।

admin
About admin 3429 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*