श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था ने सरदार पटेल की 150वीं जयंती मनाई

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
नयी दिल्ली। रफी मार्ग स्थति कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के स्पीकर हॉल में श्री ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था एवं राइट विजन हैंडीकैप वेलफेयर सोसाइटी के संयुक्त तत्वाधान में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर देश की कई जानी-मानी हस्तियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
शुक्रवार, 31 अक्टूबर को आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी थे और कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद (राज्यसभा) मिथिलेश कुमार कठेरिया ने की। संस्था के संस्थापक भरत भाई ने पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। श्री बिधूड़ी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के करीब-करीब सभी महापुरुषों के भवन दिल्ली में बने हैं लेकिन भारत के प्रथम गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम से कहीं भी कोई भवन नहीं बना है। मैं भारत सरकार से मांग करता हूँ कि पटेलजी के नाम से नई दिल्ली में एक भवन का निर्माण किया जाए। इससे छात्र-छात्राओं को पढ़ने की सुविधा मिलेगी।


राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार कठेरिया ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सरदार पटेल के सिद्धांतों पर ही चल कर देश को आगे ले जाया जा सकता है। उन्होंने संस्था के कार्यें की सराहना करते हुए कहा कि कला एवं संस्कृति मंत्री भारत सरकार को यह बात अच्छी तरह से जान लेना चाहिए कि यह संस्था जनमानस के उत्थान के लिए पूरी लगन से कार्य कर रही हैं। इसको सहयोग करना अति आवश्यक है। श्री कठेरिया ने एनएचपीसी और एलआईसी को सरदार पटेल जयंती मनाने के लिए संस्था का सहयोग करने हेतु धन्यवाद दिया।
संस्था की मानद महासचिव डॉ. रानी सिंह ने बताया कि हम सामाजिक कार्यकर्ता हैं। जमीनी स्तर पर काम करते हैं और लोगों की समस्याओं का निदान करवाते हैं। कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया के सचिव एवं सांसद राजीव प्रताप रूडी से हमारी मांग है कि यहां कोई कार्यक्रम करने के लिए जो बुकिंग की जाती है, उसमें एनजीओ के लिए छूट दी जानी चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम की कवरेज के लिए मीडिया के प्रति आभार जताया है।


समारोह में छात्र-छात्राओं ने संस्कृति कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। संस्थापक भरत भाई ने समारोह के मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत सत्कार करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया। इस अवसर पर समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ जितेन्द्र बच्चन, अखिल भारतीय गैर सरकारी संगठन से अरविंद पटेल, जुगल किशोर द्विवेदी, सुधाकर भारती, डॉ. संजीव कुमार, संजय भाई, एलके गुप्ता, रंजना भारती, रश्मि कुमारी शर्मा, ओम शांति से बी.के. दीदी, एडवोकेट ललन तिवारी, अमरेश कुमार, गौरी यादव, कवि मिथिलेश कुमार, रेवती रमण, श्रीमती राखी गुप्ता, जनार्दन पटेल, हैदराबाद के श्री रोशा आदि उपस्थित रहे। संस्था के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों के प्रति हृदय से आभार प्रकट किया है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*