इंदौर। पुलिस ने राजा रघुवंशी हत्याकांड मामले में आए नए किरदार संजय वर्मा के राज से पर्दा उठा दिया है। पुलिस का मानना है कि संजय वर्मा कोई और नहीं बल्कि सोनम का आशिक राज कुशवाहा ही है। राज के साथ मिलकर ही सोनम ने पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी।
उल्लेखनीय है कि मेघालय में हनीमून के दौरान पति राजा रघुवंशी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार सोनम रघुवंशी ने अपनी शादी से पहले संजय वर्मा नामक एक व्यक्ति को 100 से अधिक बार फोन कॉल की थी। बाद में जांच में पता चला कि यह उसके प्रेमी राज कुशवाहा का फर्जी नाम है।
पिछले महीने प्रदेश के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा में इंदौर के व्यापारी राजा रघुवंशी की हत्या के इस मामले में उसकी पत्नी सोनम समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने वर्मा का पता लगाने के लिए इंदौर में तलाशी अभियान चलाया और अब ज्ञात हुआ है कि वर्मा कोई और नहीं बल्कि कुशवाहा है।
एसपी विवेक सिम ने बताया कि विशेष जांच दल की एक टीम मध्यप्रदेश के इंदौर में है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि 23 मई को हुई राजा रघुवंशी की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग के अलावा कोई वित्तीय मकसद तो नहीं है? एसपी ने कहा कि हत्यारों ने तीन असफल प्रयासों के बाद राजा रघुवंशी की हत्या करने में कामयाबी हासिल की। उन्होंने कहा कि इससे पहले राजा की हत्या का प्रयास गुवाहाटी, नोंग्रियाट और वेइसाडोंग फॉल्स के पास किए गए थे।

Leave a Reply