राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
हैदराबाद। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है, फिर भी मीडिया को जनता के अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए। यह कहना है इफ्लू (EFLU) के कुलपति राजाराव का। उन्होंने कहा कि इधर हर विषय को सनसनीखेज बनाकर पेश करने की प्रवृत्ति बढ़ी है और सोशल मीडिया आने के बाद असत्य खबरें भी फैल रही हैं।
राजाराव शुक्रवार को वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया, कॉलेज ऑफ एजुकेशन और आंध्र महिला सभा कॉलेज ऑफ टीचर एजुकेशन द्वारा उस्मानिया विश्वविद्यालय में संयुक्त रूप से आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में ‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति – मीडिया की भूमिका’ विषय पर बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और नीतियों को समझकर उन्हें जनता तक पहुँचाना भी पत्रकारों की ज़िम्मेदारी है।
वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने पत्रकारों से राष्ट्रहित के लिए कार्य करने का आह्वान किया। वरिष्ठ पत्रकार वलीश्वर, इफ्लू के पूर्व डीन सुधाकर, विश्वविद्यालय B.Ed कॉलेज के प्राचार्य रवींद्रनाथ के. मूर्ति, सहायक प्राध्यापक डॉ. ललिता और अन्य वक्ताओं ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि समाज को जागरूक करने में पत्रकारों व शिक्षकों की भूमिका अहम है। इन दोनों वर्गों को एक मंच पर लाकर वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया ने एक बेहतरीन पहल की है। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के क्रियान्वयन की आवश्यकता को स्पष्ट किया गया और इस पर फैली भ्रांतियों को दूर करने की पत्रकारों से अपील की गई।
द्वितीय सत्र में अनेक शिक्षाविदों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति, उसके क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियाँ और समाधान पर शोध पत्र प्रस्तुत किए। एर्रोजू श्रीनिवास, डॉ. राजाराम, डॉ. राधिका (पुडुचेरी), उपेन्द्र, WJI के मानद अध्यक्ष नंदनम कुपाकर आदि ने कार्यक्रम को संबोधित किया। समापन सत्र में प्रमुख शिक्षाविद मुरली मनोहर, WJI राज्य अध्यक्ष राणाप्रताप, महासचिव राविकंती श्रीनिवास, उपाध्यक्ष करुणाकर व अन्य ने भी विचार रखे।
हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय और प्रसिद्ध पत्रकार एमवीआर शास्त्री ने वीडियो संदेश भेजा व राष्ट्रीय शिक्षा नीति के क्रियान्वयन की आवश्यकता को दोहराया। साथ ही सम्मेलन आयोजित करने के लिए वर्किंग जर्नलिस्ट्स ऑफ इंडिया की सराहना की गई। कार्यक्रम में उत्कृष्टता के लिए कई पत्रकारों को राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय उपाध्याय, वरिष्ठ पत्रकार वलीश्वर और शिक्षाविद मुरली मनोहर ने सम्मानित किया।
एमवीआर शास्त्री, कर्णाटी लक्ष्मीनारायण, एन.एस. राव, मणिकुमार, चार्ला, अयोध्या रामैया, श्रीधर, आर. महेन्द, डॉ. भास्कर यादव, आसरी राजू, डी. श्रीनिवास, तेजा, सुरेश रेड्डी, अनिल, निम्मगड्डा सिंधूर, चंद्रिका, रमेश वैतला, राकेश आदि को भी सम्मानित व पुरस्कृत किया गया।

Leave a Reply