श्री रामलीला महोत्सव खुर्जा: माँ काली शोभा यात्रा व समुद्र पर सेतु बंधते देख रोमांचित हुए दर्शक

राष्ट्रीय जनमोर्चा। संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। ऐतिहासिक, पौराणिक, धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक श्री रामलीला महोत्सव खुर्जा में शुक्रवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का महत्वपूर्ण संगम संगम देखने को मिला। आज माँ काली की भव्य शोभायात्रा, समुद्र पर सेतु बंध और अंगद-रावण संवाद की लीलाओं का मंचन बहुत ही सजीव एवं झांकियों का भव्य प्रदर्शन किया गया।
महोत्सव का शुभारंभ श्री गंगा मन्दिर, छोटी होली, खुरजा से माँ काली की अत्यंत भव्य और अलौकिक शोभायात्रा के साथ हुआ। काली माता के विहंगम स्वरूप, अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित रूप और तांडव मुद्रा ने उपस्थित भक्तों के भीतर दैवीय शक्ति का संचार कर दिया।
माँ काली की लीला एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि हमारे अंतर्मन में छिपे काम, क्रोध, लोभ और अहंकार जैसे असुरों का विनाश कर आत्मिक शुद्धि का संदेश देती है। जगजननी का यह रूप इस बात का प्रतीक है कि जब संसार में अन्याय की अति होती है, तब माँ भगवती स्वयं भक्तों की रक्षा और धर्म की पुनर्स्थापना के लिए अवतरित होती हैं।
रामलीला के अगले चरण में वानर सेना द्वारा समुद्र पर सेतु निर्माण की लीला का जीवंत मंचन हुआ। ‘श्री राम’ नाम अंकित पत्थरों का पानी पर तैरना देख दर्शक रोमांचित हो उठे। ‘सेतु बंध’ की यह लीला जीवन के गहन दर्शन को समझाती है। जब संपूर्ण समर्पण और अखंड ‘राम नाम’ के विश्वास के साथ कोई कार्य किया जाता है, तो भारी से भारी संकट (पत्थर) भी तैर जाते हैं और राहें आसान हो जाती हैं। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि असंभव दिखने वाले लक्ष्यों को भी सामूहिक पुरुषार्थ, अटूट श्रद्धा और प्रभु पर विश्वास से प्राप्त किया जा सकता है।
अंत में ‘अंगद-रावण संवाद’ का मंचन हुआ। अंगद द्वारा रावण की सभा में अपना पैर जमाना और रावण के तमाम योद्धाओं सहित स्वयं रावण के भी उसे हिला न पाने का दृश्य अद्भुत रहा। अंगद का पैर केवल शारीरिक बल का प्रतीक नहीं था, बल्कि वह “सत्य, धर्म और प्रभु श्री राम के प्रति अखंड विश्वास” का प्रतीक था। जिस प्रकार कोई भी अधर्मी अंगद के पैर को टस से मस नहीं कर सका, उसी प्रकार जो मनुष्य धर्म और ईश्वर के मार्ग पर अडिग रहता है, उसे मायावी संसार की कोई भी आसुरी शक्ति विचलित नहीं कर सकती। यह संवाद अहंकारी बुद्धि (रावण) और समर्पित ज्ञान (अंगद) के बीच का अद्भुत आत्मिक संवाद है।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के प्रधान आशीष गोयल, महामंत्री पुनीत साहनी विक्की, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग (पूर्व चेयरमैन), इंचार्ज वासुदेव शर्मा, संयोजक मंडल के रमाकांत शर्मा, ब्रजेश प्रजापति, अनिल सैनी, हिमांशु वशिष्ठ, सोशल मीडिया प्रभारी विनीत आर्य, प्रिंट मीडिया प्रभारी रविकांत भारद्वाज आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*