राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इन्नोवेटिव टेक्नोलॉजी (PIIT) शिक्षण संस्थान में नए सत्र की शुरुआत पर आयोजित ओरिएंटेशन (Orientation Programmes) कार्यक्रम में पॉलिटेक्निक छात्रों ने अपनी बहुमुखी प्रतिभा व हुनर का शानदार प्रदर्शन किया। गुरुवार को डीके राम हॉल में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह व अन्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वंदे मातरम् गीत के साथ की गई। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान को भी बढ़ावा दिया गया।
डॉ. भरत सिंह ने छात्र-छात्राओं को शिक्षा एवं संस्कार के पाठ पढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा हमें ज्ञान देती है तो संस्कार हमें एक अच्छा इंसान बनाते हैं। बिना संस्कार के शिक्षा अधूरी है और समाज के लिए व्यर्थ है। जीवन में सफलता पाने के लिए किताबी ज्ञान होने के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का होना भी बहुत जरूरी है। केवल डिग्री हासिल करना काफी नहीं है, बल्कि हमारे व्यवहार में शालीनता और माता-पिता व गुरु के प्रति सम्मान भी होना चाहिए।
उन्होंने ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान को भी ध्वजारोहण के माध्यम से बढ़ावा दिया। डॉ. सिंह ने बताया कि यह अभियान 9 अगस्त से शुरू होकर 17 अगस्त 2026 तक पूरे देश में मनाया जा रहा है और इस वर्ष यह अभियान राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के जश्न व देशभक्ति की भावना को समर्पित है। उन्होंने कहा कि हमारा तिरंगा समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रभक्ति के सूत्र में पिरोता है। इसके प्रति सम्मान दिखाकर हम राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
13 अगस्त को आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। विद्यालय के आगामी सत्र में होने वाली शैक्षिक, सामाजिक, राष्ट्रीय एवं संगीत-कला आदि विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान रचनात्मकता और युवा जोश का एक शानदार उत्सव देखने को मिला। सोलो डांस और गीत-संगीत के माध्यम से जिन बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुति देकर दिल जीत लिया, उन्हें चेयरमैन ने नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित भी किया है। इस अवसर पर संस्थान की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती मिथलेश सिंह, श्रीमती जागेश सिंह, निदेशक आरके शाक्य, सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र बच्चन, फैकल्टी व स्टाफ आदि उपस्थित रहे।


Leave a Reply