राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कायस्थों की अखिल भारतीय संस्था ‘ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल’ ने गाजियाबाद के वरिष्ठ समाजसेवी सुधीर श्रीवास्तव को उनके उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए ‘समाज रत्न’ अवार्ड से सम्मानित किया है। यह सम्मान संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेन्द्र बच्चन ने स्वयं मंगलवार को उन्हें ‘दीपावली मिलन’ के अवसर पर प्रदान किया। इस अवसर पर बच्चन ने कहा कि सुधीर जी नि:स्वार्थ भाव से समाजसेवा में लगे हैं। कभी अपना प्रचार नहीं किया। एक आदर्श संस्था ‘हैल्परस फाउंडेशन’ की भी स्थापना की है, जिसके माध्यम से पूरी तरह सामाजिक व रचनात्मक कार्यों में लगे रहते हैं। जरूरतमंद व गरीबों की सेवा करना सुधीर जी अपना कर्तव्य समझते हैं। नेक व पुनीत कार्यों के लिए अन्य लोगों को भी उनसे सीख लेनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सुधीर श्रीवास्तव भारतीय जनता पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं। अभी हाल ही में भाजपा के गाजियाबाद महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा ने उन्हें पार्टी का प्रचार-पसार का इंदिरापुरम मंडल संयोजक नियुक्त किया है। इसके अलावा सुधीर श्रीवास्तव ने कोरोना संकटकाल में तमाम जरूरतमंदों की सेवा की है। कई बार क्षेत्र के विद्यालयों में गरीब बच्चों को लेखन सामग्री वितरित कर चुके हैं। मजलूम व बेसहारा महिलाओं को आर्थिक सहयोग देते रहते हैं। लोगों की कोई भी समस्या हो, पता चलते ही सुधीर जी उसके समाधान के लिए हमेशा आगे आ जाते हैं।
स्थानीय निवासी संजय वर्मा एडवोकेट बताते हैं कि सुधीर श्रीवास्तव शिप्रा सन सिटी क्षेत्र के लिए समाजसेवा के मामले में एक नजीर बन गए हैं। अपने साथ-साथ उन्होंने जनसेवा के कार्य में और भी कई लोगों को जोड़ने का काम किया है। सुधीर जी के नेतृत्व में पूर्वांचल के कई लोग सामाजिक सरोकार की मिसाल कायम कर रहे हैं। पर्यावरण, जल संरक्षण और गरीबों को सहयोग देने का लगातार काम कर रहे हैं। क्षेत्र में साफ-साफाई के लिए कहीं श्रमदान करने की जरूरत होती है तो उसमें भी सुधीर जी की टीम सदैव आगे रहती है।
सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि वह जल संरक्षण के लिए भी लगातार प्रयासरत हैं। आसपास के इलाकों में नल की टोटियों से गिर रहे पानी को देखकर उनका मन द्रवित हो उठता है। वह पर्यावरण संरक्षण, प्रदुषण खत्म करने के प्रयास और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के लिए एक ठोस आधार बनाने में लगे हैं। उन्होंने समाज को संदेश देते हुए कहा कि लोगों को चाहिए कि सामाजिक सरोकारों से जुड़कर पौधे लगाएं, जल संरक्षण करें और पशु-पक्षियों को बचाएं। इसके लिए अभियान चलाने की जरूरत है। शायद यही कारण है कि उनकी नि:स्वार्थ सामाजिक सेवाओं को देखते हुए पत्रकार वेलफेयर एसोसिएशन भी दो वर्ष पहले प्रशस्ति पत्र देकर सुधीर जी को सम्मानित कर चुका है। इसके अलावा कई धार्मिक संस्थाओं ने भी प्रतीक चिन्ह, प्रमाण पत्र और पुरस्कार दिए हैं और इसी कड़ी में अब ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल ने सुधीर जी को उनकी निरंतर समाज सेवा और राष्ट्र सेवा के मद्देनजर ‘समाज रत्न’ अवार्ड प्रदान किया है। साथ ही उनके कार्यों की प्रशंसा की है।


Leave a Reply