मिशन 2022: राष्ट्रवादी मोर्चा ने भरी हुंकार, कई पार्टियां एक मंच पर

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो
लखनऊ। देश में 1970 के दौरान गठबंधन की राजनीति की शुरुआत हुई थी। प्रत्येक चुनाव के साथ गठबंधन राजनीतिक मजबूरी बनती जा रही है। आज हकीकत यही है कि गठजोड़ या मोर्चा के बिना कोई राजनैतिक दल सत्ता में रहने की सोच भी नहीं सकता। इसी क्रम में सोमवार को देश की राजनीति में एक नए मोर्चे ‘राष्ट्रवादी मोर्चा’ का उदय हुआ है।
1 नवम्बर को लखनऊ के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के तहत राष्ट्रवादी विकास पार्टी के आवाहन पर स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र पाण्डे, नेशनल यूथ पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रजनीश झा, जनता दल आई (इंद्रकुमार गुजराल) के महासचिव इंद्रप्रकाश बौद्ध, पीपुल्स रिपब्लिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीन कुमार श्रीवास्तव उर्फ टार्जन, भारतीय संगठित पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, आर एन लाल श्रीवास्तव, राम राज्य परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव गोपाल मिश्रा, सनातन संस्कृति ऱक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा राम पाण्डे एवं सामाजिक संगठनों भारत रक्षा दल के प्रदेश महासचिव हरिकेश विक्रम श्रीवास्तव, गुलाबी गैंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कमांडर श्रीमती आशा निगम आदि ने संयुक्त रूप से इसका ऐलान किया। इन सभी ने मिलकर एक नई सकारात्मक राजनीति का प्रारंभ करते हुए राष्ट्रवादी मोर्चा बनाकर उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की घोषणा की है।
राष्ट्रवादी मोर्चे के जनक राष्ट्रवादी विकास पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष डॉ अनूप कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतंत्र पर पूंजीवादी व्यवस्था हावी हो गई है। कानून व्यवस्था चरमरा रही है,किसानों का बुरा हाल है, डीजल पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं, सुरसा की तरह बढ़ती हुई महंगाई से जनता त्रस्त है, खेती के लिए खाद, बीज, कीटनाशक सब महंगे हैं और मिलना भी कठिन हो रहा है। सरकार ने किसानों के साथ ही आम जनता एवं व्यापारियों की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया था। जो कि कहीं से भी पूरा नहीं हुआ। पिछले दो साल सरकार करोना संक्रमण से मरने वालों के आंकड़े छिपाने का कार्य करने में व्यस्त रही, कोरोना की दूसरी लहर में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, दलित आदिवासियों और अल्पसंख्यक वर्गों पर बढ़ता उत्पीड़न, बेरोजगारी और ओबीसी आरक्षण के साथ ही 3 कृषि कानूनों को रद्द कराने को लेकर 11 माह से चल रहा किसान आंदोलन के प्रति सरकार की कोई संवेदना नहीं है। यहां तक कि इस सरकार में जीने के लिए ऑक्सीजन भी लेना मुश्किल हो गया है, इस पर भी टैक्स है।
डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में विफल रही है। उदाहरण के तौर पर ₹50 में 7 घंटे काम करने वाली 4 लाख रसोइयों को पिछले 8 महीने से वेतन नहीं मिला है। इस महंगाई में कैसे जलता होगा उनका चूल्हा जो बच्चों को भोजन प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि देश में केवल दो ही जाति और दो ही धर्म गरीब और अमीर, धर्म भाषा प्रांत और जाति गरीबों को बांटने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। जिससे क्षणिक अमीर पूंजीवादी लोग सत्ता हासिल कर उनके ऊपर राज कर सकें और करोड़ों अरबों की संपत्ति का लाभ उठा सकें। इसलिए जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। इसी सोच के अंतर्गत राष्ट्रवादी मोर्चा का गठन हुआ है। आने वाले समय में समानांतर विचारधारा वाली पार्टियों को मिलाकर राष्ट्रवादी मोर्चा का और विस्तार किया जाएगा। राष्ट्रवादी मोर्चा का मुख्य नारा है:- “न जाति न धर्म, देश प्रथम!”
स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं छत्तीसगढ़ योजना आयोग के अध्यक्ष वीरेंद्र पाण्डे ने कहा कि हम सब को लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा के लिए एक साथ खड़ा होना होगा और एक सकारात्मक अखंड भारत की रचना का निर्माण करना होगा जो कि खंड-खंड की राजनीति से संभव नहीं है। राजनीति व्यवसाय हो गया है, धन और सत्ता लोलुप लोग राजनीति से जुड़ गए हैं, जबकि राजनीति समाज सेवा स्वस्थ और निष्पक्ष प्रशासन प्रदान करने की नीति है, इसलिए हम सबको मिलकर बंटवारे की नहीं बल्कि भाईचारे की नीति के द्वारा देश को अंदरूनी ताकत और विकास की ओर ले जाना होगा।
गोष्ठी एवं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राष्ट्रवादी विकास पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संगठन एवं माननीय सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता ब्रिगेडियर अनिल कुमार श्रीवास्तव, राष्ट्रवादी विकास पार्टी महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती किरन श्रीवास्तवा, राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रभारी हरि शंकर श्रीवास्तव, राष्ट्रीय सचिव संगठन, मीडिया एवं प्रभारी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 राजकिशोर लाल श्रीवास्तव के अलावा श्रीमती आशा निगम, डॉ प्रेम प्रकाश खण्डेलवाल, बलदेव राज सूद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, स्वामी राममोहन दास संरक्षक, सतीस कुमार त्रिपाठी महासचिव, नरेंद्र शर्मा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रवादी विकास पार्टी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष ब्रिगेडियर डॉ प्रदीप कुमार श्रीवास्तव, ओम प्रकाश श्रीवास्तव,राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश मिश्रा, प्रदेश सचिव मीडिया प्रदीप श्रीवास्तव, मण्डल अध्यक्ष गोरखपुर अखिलेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष देवरिया अखिलेश जायसवाल, जिला अध्यक्ष आजमगढ़, मनोज अस्थाना आदि वरिष्ठ वक्ताओं ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*