सुरेशपाल वर्मा ‘जसाला’ ने आठ कीर्तिमान स्थापित कर रचा इतिहास

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। शाहदरा दिल्ली के निवासी इतिहास के पूर्व प्रवक्ता, कवि, साहित्यकार, प्रख्यात चित्रकार, विधाजनक एवं समाजसेवी सुरेशपाल वर्मा ‘जसाला’ ने कला-साहित्य में आठ कीर्तिमान स्थापित कर एक इतिहास रच दिया है। आपके इन कीर्तिमानों को इंडियन रिकॉर्ड बुक ने दर्ज किया है। इस अभूतपूर्व ऐतिहासिक विश्व कीर्तिमान का साक्ष्य रविवार 24 दिसम्बर को संस्कार भारती प्रांगण, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग, निकट आईटीओ, नई दिल्ली में हम सभी को देखने को मिलेगा।
सुरेशपाल वर्मा ‘जसाला’ ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक सम्मान, 25 पुस्तकों का एक साथ विमोचन और एकल कला प्रदर्शनी के साथ आठ नये विश्व कीर्तिमान बने हैं। उनके विवरण है- (1)- किसी भी प्रधानमंत्री या राजनेता पर अब तक की सबसे बड़ी पुस्तक (यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, तीन फुट अर्थात 91 सेमी लम्बी पुस्तक), (2)- विश्व की सबसे छोटी रचना / कविता “मनका”, विधि विधान सहित, (3)- काव्य में पांच नई विधाओं के जनक – अ- वर्ण पिरामिड या जसाला पिरामिड, ब- सिंहावलोकनी दोहा मुक्तक, स- मनका (विश्व की सबसे छोटी रचना), द- मनका गीत (मनका विधा पर आधारित गीत), य- चक्रण छंद या जसाला छंद, (4)- कला / पेंटिंग्स में रस्सी का अभिनव / प्रथम प्रयोग, (5)- अपने द्वारा लिखित 25 पुस्तकों का एक साथ विमोचन (जिसमें साहित्य की पांच नई विधाएं एवं कला की एक नई विधा के साथ पुरानी अनेक विधाओं में), (6)- विश्व में किसी पुस्तक की सबसे लम्बी भूमिका (अथ से इति – वर्ण स्तम्भ पुस्तक की 41 पृष्ठीय भूमिका), (7)- कला में विश्व का सबसे बड़ा गले का हार (लकड़ी पर रस्सियों का काम, 370 सेमी लम्बा हार) और (8)- कला में विश्व का सबसे बड़ा झुमका (लकड़ी व प्लास्टिक पर रस्सी का काम, 190 सेमी लम्बा झुमका)।
इंडियन रिकॉर्ड बुक के अनुसार दिल्ली में रविवार, 24 दिसंबर को होने वाले एक भव्य समारोह में सुरेशपाल वर्मा ‘जसाला’ को उनके कीर्तिमान के लिए उन्हें पुरस्कृत व सम्मानित किया जाएगा। इससे पहले भी जसाला को देश की कई प्रतिष्ठित संस्थाएं अनेक सम्मान प्रदान कर चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि जसाला फाउण्डेशन (पंजी) दिल्ली एवं सुप्रभात मंच (पंजी) दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय कला, साहित्य, संस्कृति एवं पत्रकारिता सम्मान -2023 की घोषणा कर दी गई है। सम्मान समारोह का आयोजन आईटीओ, दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित संस्कार भारती में 24 दिसंबर को संपन्न होगा। जिसमें अमेरिका, नेपाल और भारत के 11 राज्यों गुजरात, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, बिहार, झारखंड, असम, मध्य प्रदेश और चंडीगढ़ के अवार्डियों को सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर सुरेशपाल वर्मा ‘जसाला’ को भी पुरस्कृत किया जाएगा और उनके साथ-साथ कई अन्य साहित्यकारों की पुस्तकों की प्रदर्शनी भी देखने को मिलेगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*