राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि राहुल गांधी न केवल भारतीय सेना का अपमान कर रहे हैं बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने तवांग में यांग्त्से क्षेत्र का दौरा किया, जहां चीनी और भारतीय सैनिकों के बीच झड़प हुई थी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अरुणाचल के तवांग में यांग्त्से क्षेत्र पूरी तरह सुरक्षित है। अरुणाचल प्रदेश के तवांग में नौ दिसंबर को चीनी सैनिक और भारतीय सेना के बीच हुई झड़प में पीएलए को मुंह की खानी पड़ी थी। भारतीय सेना ने चीनी सैनिकों को डटकर जवाब दिया था।
उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि चीन युद्ध की तैयारी कर रहा है, जबकि भारत सरकार सोई हुई है और खतरे को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रही है। इसके जवाब में रिजिजू ने कहा, ‘राहुल गांधी न केवल भारतीय सेना का अपमान कर रहे हैं, बल्कि देश की छवि को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं। वह न केवल कांग्रेस पार्टी के लिए एक समस्या हैं, बल्कि वह देश के लिए एक बड़ी शर्मिंदगी बन गए हैं।’


Leave a Reply