राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में बी.एड. विभाग की ओर से सीनियरों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बी.एड. सत्र 2024-26 के विद्यार्थियों ने बी.एड. सत्र 2023-25 के अपने वरिष्ठ साथियों को भावपूर्ण विदाई दी। इससे पहले समारोह में रैम्प वॉक और प्रश्नोत्तर सत्र का आयोजन कर मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेल का चयन किया गया। लैबा खान को मिस फेयरवेल और सौरभ को मिस्टर फेयरवेल के खिताब से नवाजा गया। अंत में सीनियर स्टूडेंट भावुक हो गये। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
कार्यक्रम की शुरुआत जूनियर्स ने सीनियर्स का गर्मजोशी से स्वागत करके की। रंगारंग प्रस्तुतियों, अनुभव-साझाकरण और मनोरंजक खेलों ने पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। छात्रों ने अपने दो वर्षों की यादों को बाँटते हुए रिश्तों की मजबूत डोर को प्रदर्शित किया। इस अवसर पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन दिए। सीनियर स्टूडेंट के निरंतर प्रयासों, शैक्षणिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
समारोह में हर विद्यार्थी को उनकी विशेष प्रतिभा और गुणों के आधार पर विशिष्ट उपाधियाँ प्रदान की गईं। साथ ही केक काटा गया। समापन सत्र में विभागाध्यक्ष डॉ. गीता रानी ने आभार प्रकट करते हुए वरिष्ठ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।


Leave a Reply