राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। जंक्शन मार्ग स्थित रामलीला मैदान में श्री रामलीला कमेटी के तत्वावधान में चल रही रामलीला महोत्सव के 9वें दिन मंगलवार को जयंत लीला, पंचवटी निवास व शूर्पणखा की नासिक भग्न लीला का कलाकारों ने बेहतरीन मंचन किया। शूर्पणखा घूमते हुए पंचवटी पहुंचती है और श्रीराम के समक्ष विवाह का प्रस्ताव रखती है। राम ने उसका छल जानकर उसे लक्ष्मण के पास भेज दिया। लक्ष्मण ने भी विवाह से इनकार कर दिया तो शूर्पणखा क्रोधित हो उठी। वह अपने असली रूप राक्षसी में आकर माता सीता पर झपटती है, तभी श्री राम का संकेत पाकर लक्ष्मण ने शूर्पणखा के नाक-कान काट दिए।
शूर्पणखा की इस लीला का सजीव मंचन पण्डित वेद प्रकाश शर्मा व पण्डित प्रेम प्रकाश शर्मा ने मार्मिक ढंग से कराया। इससे पूर्व जयंत लीला का सुंदर चित्रण किया गया। जिसमें जयंत नामक कौवा आकाश में पहुंचा तथा माता जानकी को देखकर उनके ऊपर मंडराने लगा। माता परेशान हो गईं। आखिर में प्रभु राम ने एक ऐसा तीर चलाया, जिससे जयंत भागता हुआ अपने प्राणों की रक्षा की गुहार लगाने लगा। लेकिन कोई भी उसकी सहायता को आगे नहीं आया। जयंत महर्षि नारद की शरण में गया।
नारद ने सारा वृत्तांत सुनने के बाद कहा कि वह तो स्वयं हरि हैं, आपको उन्हीं की शरण में जाकर अपने प्राणों की भीख मांगनी पड़ेगी। जयंत वापस प्रभु श्री राम के शरण में आया। उनसे क्षमा याचना करते हुए प्राणों की भीख मांगने लगा। दयालु प्रभु राम ने अपने बाणों से उसकी एक आंख भेदकर प्राण दान दे दिया। यह लीला देखकर उपस्थित जन समूह ने जय श्री राम के नारे लगाए।
देर रात दर्शकों ने स्टेज लीला का भी आंनद लिया। रामलीला मैदान में गत वर्षों की भाँति इस वर्ष भी स्टेज रामलीला का आयोजन किया गया। स्टेज रामलीला के दूसरे दिन श्री वृजचंद्र रामलीला कृष्णलीला मंडल के कलाकारों द्वारा राम जन्म, बधाई गायन, बाल लीला, विद्या अध्ययन लीलाओं का सजीव मंचन किया गया।
इस अवसर पर श्री रामलीला कमेटी के प्रधान पुनीत साहनी, महामंत्री सचित गोविल, जनरल मैनेजर दीपक गर्ग, कोषाध्यक्ष सचिन बंसल, विशाल वाधवा, डीसी गुप्ता कांटे वाले, विनीत आर्य सोशल मीडिया प्रभारी, रजत अग्रवाल मीडिया प्रभारी, उमाशंकर अग्रवाल, महेश भार्गव, विकास वर्मा, अरुण गुप्ता, दीपक बाटला, देवेंद्र आर्य, रवि अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


Leave a Reply