राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। कविनगर स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में जैन समाज द्वारा 1008 महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर श्रीजी की रथ यात्रा नवनिर्मित रथ में निकाली गई। लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में जैन धर्म के लोग रथ के पीछे-पीछे चल रहे थे। यात्रा में दो रथ शामिल थे और दोनों ही रथ पर श्रीजी विराजमान थे।
गुरुवार, 14 अप्रैल को जैन समाज के प्रवक्ता अजय जैन ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि सुबह आठ बजे नवनिर्मित रथ का विधि विधान द्वारा उदघाटन आचार्य श्री अनेकांत सागर मुनिराज ससंघ द्वारा किया गया। तत्पश्चात श्रीजी की सवारी निकली, जो कवि नगर के विभिन्न ब्लॉक में होती हुई वापस जैन मन्दिर पहुँची। वहां श्रीजी का अभिषेक किया गया और मंदिर में प्रतिष्ठित कर दिया गया। इस अवसर पर आचार्य श्री अनेकांत बालाजी ने कहा कि रथ यात्रा से धर्म की प्रभावना बढ़ती है। घर-घर तक भगवान पहुँचते हैं। जो बुजुर्ग या अपंग मंदिर नहीं आ सकते, उन्हें भगवानजी के दर्शन हो जाते हैं।


Leave a Reply