संगठन की मजबूती से ही कायस्थों का वजूद लौटेगा: अशोक श्रीवास्तव

जितेन्द्र बच्चन/ राष्ट्रीय जनमोर्चा
गाजियाबाद। जगदीश नगर में चित्रगुप्त सभा गाजियाबाद की रविवार को एक बैठक की गई, जिसका संचालन महामंत्री अनुरंजन श्रीवास्तव ने किया। बैठक के मुख्य अतिथि सतमोला ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट अरविंद श्रीवास्तव एवं आयोजक चित्रांश सभा के मुख्य संरक्षक तथा सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव रहे। बैठक का शुभारंभ भगवान चित्रगुप्त के चित्र पर माल्यार्पण करके हुआ। अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की मजबूती से ही कायस्थों का वजूद लौटेगा। इसके लिए बुजुर्गों के नेतृत्व में युवाओं को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर सभी चित्रांश को संगठन से जोड़कर एकता की नींव डाली जाएगी।
रविवार, 5 सितम्बर की बैठक में ओबीसी में सम्मलित होने के संबंध में विशेष रूप से चर्चा की गई। अधिकांश सदस्यों ने जहां ओबीसी में सम्मिलित होने का विरोध किया, वहीं बैठक के मुख्य अतिथि अरविंद श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थों की दिशा और दशा को सुदृढ़ करने के लिए एकता का परिचय देना होगा। जब तक हम अपनी एकता को प्रदर्शित नहीं करेंगे, हमारी उपेक्षा होती रहेगी। उनके अलावा अन्य वक्ताओं ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कायस्थ एकता पर बल दिया।
मुख्य संरक्षक अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थों को आगे बढ़कर राजनीति में अपनी सहभागिता व योगदान देते हुए चुनाव लड़ने का भी प्रयास करना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि अगर कोई कायस्थ किसी भी पार्टी से चुनाव लड़ रहा है तो हम सभी को उसका समर्थन करना चाहिए। श्रीवास्तव ने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति विशेष चुनाव लड़ना चाहे तो सुभाषवादी भारतीय समाजवादी पार्टी उसको टिकट एवं चुनावी सुविधा देने के लिए तैयार है।
उन्होंने बताया कि कोरोना महामारी के चलते चित्रांश सभा गाजियाबाद का वार्षिक सम्मेलन विगत दिनों नहीं हो सका। इस वर्ष दिसंबर माह में चित्रांश सभा गाजियाबाद का वार्षिक सम्मेलन होना प्रस्तावित है। सम्मेलन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छात्र-छात्राओं एवं समाज के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित करने पर विचार किया जा रहा है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*