बाराबंकी में क्रूरता की पराकाष्ठा: पत्नी का कटा सिर लेकर थाना पहुंचा

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
बाराबंकी। पति की क्रूरता देखकर रूह कांप गई। एक हाथ में पत्नी का कटा हुआ सिर और दूसरे हाथ में खून से सना बांका। दिल दहला देने वाली यह घटना उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के थाना फतेहपुर कोतवाली की पुलिस चौकी इसरौली अंतरगत गांव बसारा का है। आरोपित अनिल कनौजिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
अनिल पेशे से राजगीर था। उसे पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इस बात को लेकर नाराजगी इतनी बढ़ी कि अनिल शुक्रवार, 16 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे राक्षस बन गया। उसने पत्नी वंदना (26) की बांके से गला काटकर हत्या कर दी। उसके बाद कटा सिर हाथ में लेकर थाना जा पहुंचा। रास्ते में जिसने भी उसे देखा, दहशत से भर गया।
पुलिस के अनुसार आठ साल पहले अनिल और वंदना की शादी हुई थी। अनिल का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही वंदना का एक युवक के साथ अवैध संबंध हो गया। इस बात को लेकर उसने कई बार पत्नी को समझाया। दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा भी होता रहता था। आखिरकार जब जीवन नरक बन गया तो उसने आजिज आकर यह भयानक निर्णय कर लिया।
शुक्रवार की सुबह भी अनिल और वंदना के बीच अवैध संबंध को लेकर ही तकरार बढ़ी थी। गुस्से में पति ने घर में रखा बांका उठाया और वंदना का सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया। उसके बाद पत्नी का कटा सिर हाथ में लेकर थाना जा पहुंचा और खुद को पुलिस के आगे आत्मसमर्पण कर दिया। एएसपी (उत्तरी) चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि हत्यारोपी अनिल को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*