राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
पटना। ग्लोबल कायस्थ कांफ्रेंस (जीकेसी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने राजधानी पटना में दवा के एक व्यवसायी की हुई हत्या के मामले के दोषी को कठोरतम सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि इस मामले में देर नहीं होनी चाहिए। यदि शीघ्र ही हत्यारे को सजा नहीं दिलाई जाती है तो न्याय के लिए जीकेसी राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार की राजधानी पटना के गोविंद मित्रा रोड में शनिवार, 24 अप्रैल को दवा व्यवसायी संजीव सिन्हा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। इस मामले को उठाते हुए जीकेसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ जंग में दवा व्यवसायी संजीव सिन्हा कोरोना वारियर्स बनकर अपनी जान की परवाह किए बगैर हम सभी की हिफाज़त के लिए खड़े रहे हैं लेकिन उनकी हत्या किये जाने से हम सभी मर्माहत हैं। उन्होंने कहा कि जीकेसी बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पुलिस महानिदेशक से हत्याकांड के इस मामले में हत्यारे को कठोरतम सजा दिलाने की मांग करता है।
श्री प्रसाद ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ से बताया कि इस मामले में जीकेसी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपक अभिषेक के नेतृत्व में एक जांच समिति का गठन किया गया है। इस समिति में जीकेसी पटना के जिलाध्यक्ष सुशील श्रीवास्तव और युवा संभाग के राष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष अभिषेक शंकर शामिल होंगे। अनुसंधान एवं सम्बद्ध प्रक्रिया में मृतक के परिजनों के साथ जीकेसी मजबूती से खड़ा है। यदि शीघ्र हत्यारे को सजा नहीं मिलती है तो जीकेसी राष्ट्रव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।


Leave a Reply