खुर्जा थर्मल पावर प्लांट की उर्जा से जगमग हुए तीन प्रदेश

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
खुर्जा (बुलंदशहर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर से शुक्रवार को खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्लांट की 660 मेगावाट की एक यूनिट का वर्चुअल बटन दबाकर लोकार्पण किया तो जैसे पूरा प्रदेश विकास की रोशनी से नहा उठा। इतना ही नहीं, इस प्लांट से उत्तराखंड और राजस्थान को भी बिजली की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। करीब 1200 एकड़ जमीन पर बने इस प्लांट का शिलान्यास 2019 में हुआ था और 5000 से अधिक लोगों को इससे रोजगार मिल रहा है।
9 मार्च 2019 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ही परियोजना का शिलान्यास किया था। खुर्जा में 660-660 मेगावाट की दो यूनिट यहां तैयार की गई हैं। शुक्रवार को टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा निर्मित 12,000 करोड़ रुपये की लागत वाली 1320 मेगावाट क्षमता की खुर्जा तापीय परियोजना के प्रथम चरण में 5544 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 660 मेगावाट की एक यूनिट का शुक्रवार, 30 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कानपुर से लोकार्पण किया गया। उम्मीद है दो-तीन महीने में दूसरी यूनिट के संचालन के बाद 1320 मेगावाट विद्युत उत्पादन भी शुरू हो जाएगा।
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इसके लिए हार्दिक आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से अग्रसर हो रहा है, जिससे शोध से लेकर रोजगार तक के नए द्वार खुलेंगे।
टीएचडीसी खुर्जा परियोजना के कार्यपालक निदेशक कुमार शरद ने बताया कि प्रधानमंत्री ने जिस खुर्जा प्लांट की 660 मेगावाट का लोकार्पण किया है, वह देश की बिजली आपूर्ति में बहुत योगदान देगा। इस योजना को तैयार करने में सभी का सहयोग रहा है।
कार्यक्रम में गौतमबुद्ध नगर के भाजपा सांसद डा. महेश शर्मा, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र नागर, खुर्जा परियोजना के कार्यपालक निदेशक कुमार शरद, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. अंतुल तेवतिया, खुर्जा की विधायक मीनाक्षी सिंह, शिकारपुर के विधायक अनिल शर्मा, खुर्जा ब्लाक प्रमुख मोनिका सिंह, अरनिया ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह, चेयरपर्सन अंजना भगवानदास सिंघल, पूर्व विधायक विजेंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*