राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से एमबी गर्ल्स कॉलेज, चंद्रपुरी, ग़ाज़ियाबाद में अभावग्रस्त लड़कियों हेतु एक निःशुल्क कंप्यूटर एवं सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र संचालित किया जा रहा है। इसी केन्द्र की प्रशिक्षित 12 सौ छात्राओं द्वारा 14 सितम्बर को वस्त्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अलका अग्रवाल ने बताया है कि प्रदेश सरकार में मंत्री अतुल गर्ग वस्त्र प्रदर्शनी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे।
उल्लेखनीय है कि अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट देश का एक ऐसा क्षमतावान ट्रस्ट है, जिसके जरिए पूरे देश में गरीब, मजलूम व असहाय लोगों की आर्थिक मदद कर उन्हें सक्षम बनाकर समाज व देश की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया जा रहा है। हालांकि ऐसे और भी अनेक सामाजिक संगठन या ट्रस्ट हैं, जो इस दिशा में सेवारत हैं। लेकिन अरिहंत चेरिटेबल एजुकेशनल ट्रस्ट ने देशभर में गरीबों को शिक्षा, स्वास्थ्य के अलावा समाज की कुरीतियों के उन्मूलन के लिए सरकारी योजनाओं के माध्यम से एक नई कार्यचेतना को प्रकाशित करने का नया व सबसे अलग बीड़ा उठाया है।
डॉ. अलका अग्रवाल ने ‘राष्ट्रीय जनमोर्चा’ को बताया कि धर्मोंचित कार्यों को सही दिशा में अग्रसर करने के लिए ट्रस्ट ने निरंतर अनेक विषयों पर सेमिनार और चर्चाएं कराई हैं। इसके साथ ही विषय सम्बंधी साहित्य प्रकाशन की योजना भी तैयार की है। ट्रस्ट का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता व अखंडता के लिए सक्रिय भागीदारी व किताबों, पर्चों आदि के जरिये साहित्य प्रकाशित कर देश व समाज में फैली कुरीतियों को दूर कर नए ऊर्जावान समाज की स्थापना करना है। इसके तहत देशभर में लघु ग्रामोद्योगों के विकास के लिए प्रशिक्षण केन्द्र खोलना, बीमार घोषित हो चुके अस्पतालों को गोद लेकर उन्हें दुरुस्त कर गरीब व असहाय लोगों का इलाज करना, दूसरी समानांतर विचारधारा वाली सामाजिक संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित करना, भारतीय दर्शनशास्त्र के प्रचार-प्रसार, शिक्षा समाज के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने का प्रयत्न करना आदि शामिल है।


Leave a Reply