राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क-3 स्थित दिल्ली एनसीआर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान ‘प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी’ (PIIT) ने शनिवार को शिक्षक दिवस पर एक नयी मिसाल पेश की। चेयरमैन प्रोफेसर (डॉ.) भरत सिंह ने संस्थान के सभी शिक्षकों का सामूहिक तौर पर जन्मदिन कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षक दिवस मनाया। साथ ही कई शिक्षकों को पेन देकर उन्हें सम्मानित किया और समस्त देशवासियों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी है।
5 सितंबर को संस्थान के कॉन्फ्रेंस हॉल में चेयरमैन ‘राष्ट्र गौरव’ डॉ. भरत सिंह ने देश के द्वितीय राष्ट्रपति, भारत रत्न एवं महान विचारक डॉ. एस. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही महान शिक्षाविद् और देश के दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया। चेयरमैन मैम मिथलेश सिंह, PIIT की वरिष्ठ अधिकारी श्रीमती जागेश सिंह, निदेशक आर.के. शाक्य, सहायक निदेशक डॉ. जितेन्द्र बच्चन व शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ आदि ने भी पुष्प अर्पित कर डॉ. राधाकृष्णन पर अपने-अपने विचार रखे।
डॉ. भरत सिंह ने कहा कि डॉ. एस. राधाकृष्णन एक महान दार्शनिक, प्रख्यात शिक्षाविद् और भारत के पहले उपराष्ट्रपति व दूसरे राष्ट्रपति रहे। शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान और शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए यह दिन समर्पित है। उनसे प्रेरणा लेकर हम शिक्षकों को भी जीवन में कुछ ऐसा प्रतिमान स्थापित करना चाहिए जिससे देश का मान बढ़े और नयी पीढ़ी आपको सदैव याद करे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. भरत सिंह अपना जन्मदिन कभी नहीं मनाते थे। उनके पिछले जन्मदिन पर PIIT के सभी स्टाफ ने उनसे जन्मदिन मनाने का अनुरोध किया। इस पर डॉ. सिंह ने कहा कि उनका जन्मदिन अलग से मनाने के बजाय यदि ‘शिक्षक दिवस’ पर सभी शिक्षकों और संस्थान के स्टाफ का सामूहिक रूप से जन्म दिन मनाया जाए, तो उन्हें गर्व महसूस होगा। और इसी कड़ी में आज (5 सितंबर) से PIIT में यह परंपरा शुरू हो गई, जो शिक्षा जगत के लिए एक मिसाल है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया। इस अवसर प्रिंस इंस्टीट्यूट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजी और सह संस्थान एयर गुरुकुल के सभी स्टाफ उपस्थित रहे।


Leave a Reply