विश्व हास्य दिवस पर छात्र-छात्राओं ने प्रस्तुत किए विविध रंग

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व हास्य दिवस के अवसर पर नेहरू नगर स्थित सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल द्वारा आंतरिक नाट्य स्पर्धा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुप्रसिद्ध हास्य कवि सुरेन्द्र शर्मा रहे। कक्षा पांच से आठ तक के छात्रों ने मौजूदा दौर में दैनिक जीवन में स्वत: स्फूर्त विसंगतियों के माध्यम से उत्पन्न हास्य को बखूबी प्रस्तुत किया।
श्री शर्मा ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को हंसाना किसी चुनौती से कम नहीं है। लेकिन आज बच्चों ने अपनी प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मकता से यह साबित कर दिया कि जीवन की हर चुनौती का सामना करने में यह बालक दक्षता हासिल करते जा रहे हैं। स्कूल की निदेशक डॉ. माला कपूर ‘गौहर’ ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य छात्रों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और मंच कौशल को बढ़ावा देना था। उन्होंने कहा कि जीवन में हास्य बहुत महत्वपूर्ण है।
पत्रकार व लेखक आलोक यात्री ने कहा कि जब हम हंसते हैं तो हम अधिक सक्रिय रहते हैं। यह सक्रियता औषधिय रूप से हमारे आंतरिक विकारों को दूर करने में विशेष भूमिका निभाती है। इस अवसर पर एकता कोहली, सोनिया सेहरा सहित बड़ी संख्या में स्टाफ मौजूद था।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*