उत्तर प्रदेश में सभी स्कूल, कॉलेज और मल्टीप्लेक्स 2 अप्रैल तक बंद

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता

लखनऊ। कोरोना वायरस के बढ़ते कहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल-कॉलेज और मल्टीप्लेक्स 2 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। यह निर्णय मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया है। निर्णय के मुताबिक सभी स्कूल-कॉलेजों में चल रही परीक्षाओं को भी स्थगित करने का आदेश जारी किया गया है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना के पीड़ित मरीजों की संख्या 13 हो चुकी है। इनमें से 12 भारतीय और एक नागरिक विदेशी है। हालांकि 13 में से चार लोग पूरी तरह ठीक हो गए हैं।
कैबिनेट बैठक के दौरान कोरोना के चलते उत्तर प्रदेश के सभी पर्यटक स्थलों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश भी जारी किया गया है। इस दौरान कहा गया कि पर्यटक स्थल सिर्फ साफ-सफाई के लिए खुलेंगे। तहसील दिवस और जनता दर्शन भी 2 अप्रैल तक नहीं होंगे। ताजमहल सहित देशभर के सभी स्मारक और संग्रहालय 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिए गए हैं। केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल ने ट्वीट कर इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि कोरोना के प्रकोप को देखते हुए केंद्र सरकार ने कुछ दिन पहले ही 15 अप्रैल तक कई देशों के सैलानियों के वीजा रद्द करने के आदेश दिए थे। उसके बाद से ही ताज और अन्य स्मारक निहारने वालों की संख्या में कमी आई थी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*