गाजियाबाद: एसएसपी ने कोरोना वायरस से बचने के दिए दिशा-निर्देश

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
गाजियाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने जिले में कोविड-19 के संक्रमण से पुलिस कर्मियों, उनके परिवार तथा आम जनमानस को बचाने के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंगलवार को उन्होंने चिकित्सा विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से बचाव एवं जागरुकता करने सम्बन्धी कार्यों में अपेक्षित समन्वय व सहयोग के साथ-साथ सोशल मीडिया पर अफवाह नियंत्रण तथा पुलिस कार्यालयों में साफ-सफाई एवं हाइजेनिक वातावरण बनाए रखने हेतु जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
जनपदीय हेल्प लाइन तथा राज्य हेल्प लाइन हेतु नोडल अधिकारी के रूप में सुनील कुमार मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद (09454418348) को नामित किया गया है। इनकी सहायतार्थ प्रत्येक सर्किल के क्षेत्राधिकारी सहायक नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जो संक्रमण सम्बन्धी सूचना प्राप्त होने पर सभी सम्बन्धित विभागों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे।
सभी पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करायी जा रही है, जिनमें उन्हें क्या करें, क्या न करें, संसाधनों के उपयोग करने के तरीके एवं मॉक ड्रिल आदि प्रमुख है । भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक घबराहट पैदा करने वाले, अफवाह फैलाने वालों पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है । सोशल मीडिया पर भी किसी भी अफवाह को रोकने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।
संक्रमण निरोधी सामग्री को निर्धारित मूल्य से अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के विरूद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की व्यवस्था की गयी है । पुलिस के सभी वाहनों पर संक्रमण निरोधी सामग्री उपलब्ध करायी गयी है । संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु की दशा में उसके दाह-संस्कार की विशेष व्यवस्था की गई है। संक्रमित व्यक्ति को निर्धारित स्थान पर रखे जाने पर विरोध या अवरोध उत्पन्न किये जाने की स्थिति में ( एपिडेमिक एक्ट – 1897 ) के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुये आईपीसी की धारा 188 , 269 तथा 270 के अंतर्गत कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस थाना,चौकी तथा अन्य कार्यालयों में संक्रमण से बचाव सम्बन्धी संसाधन तथा दवा उपलब्ध करायी गयी है। इन जगहों पर साफ-सफाई एवं हाइजेनिक वातावरण बनाये रखने हेतु सभी थानों में स्वच्छता अभियान चलाया गया है और सभी शाखा -थाना प्रभारियों को साफ-सफाई बनाये रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। संक्रमण से बचाव के लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की गई है।
पुलिस विभाग द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि इस मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में आम जनमानस किसी अफवाह का शिकार न बने। कहीं भी कानून व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति पैदा न हो तथा पुलिस विभाग द्वारा ऐसी स्थिति में सभी आम जनमानस से सहयोग की अपेक्षा की गई है। जिले के प्रत्येक सर्किल में क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में कुल 07 रेपिड एक्शन टीम गठित की गयी है जो संक्रमित व्यक्ति तथा आइसोलेशन ड्यूटी हेतु विशेष उपकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी /स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त कर सम्बंधित विभाग के साथ समन्वय से कार्य करेंगे।
एसएसपी नैथानी ने बताया है कि उक्त संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम के लिए तत्काल कदम उठाते हुए जनपद मे पुलिस अधीक्षक नगर, ग्रामीण के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों की प्रतिदिन साफ-सफाई हेतु स्प्रे, पोंछा, झाडू , फिनायल , साबुन, फ्यूमिगेशन आदि सफाई छिड़काव, सेनेटाइजर एवं मास्क आदि सामान के क्रय हेतु कुल 7,16,000 रुपये धनराशि आवंटित की गई है। इससे जनपद के सभी थानों को विसंक्रमित रखा जा सकेगा।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*