कोरोना वायरस: 13 नए मरीज मिले, संख्या हुई 127

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

नई दिल्ली। देश में कोरोना के संक्रमण से से तीसरी मौत हो गई है। मुंबई के कस्तूरबा हॉस्टिपल में मंगलवार को 64 वर्षीय एक बुजुर्ग की जान चली गई। नोएडा में दो लोग कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। कुल मिलाकर देश में करीब 12 घंटे में कोरोना वायरस के 13 नए मामले सामने आए हैं। इसके फैलने का खतरा और बढ़ गया है। कुल 15 राज्यों में अब तक संक्रमित मरीजों की संख्या 127 पहुंच चुकी है। महाराष्ट्र में 39 लोग संक्रमित हैं, जोकि देश में सबसे ज्यादा है। भारत ने अफगानिस्तान, फिलीपीन और मलेशिया से आने वाले यात्रियों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगा दी है।
सोमवार की शाम केन्द्र सरकार ने लोगों को सार्वजनिक स्थानों और लोगों से दूरी बनाने का पारमर्श जारी किया है। साथ ही केन्द्र सरकार ने अब यूरोपियन देशों- तुर्की और यूनाइटेड किंगडम से भारत आने वाले लोगों के प्रवेश पर बंद करने का फैसला लिया है। इन देशों में कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। यहां फंसे भारतीय भी 18 मार्च से स्वदेश में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
कोरोना वायरस के 11 मामलों में दो मरीज कर्नाटक, 4 महाराष्ट्र, तीन तेलंगाना, एक जम्मू-कश्मीर और एक मामला उत्तर प्रदेश से आया है। कुल संख्या में 22 मरीज विदेशी हैं और 103 मरीजों का इलाज चल रहा है। जबकि 13 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं और दो लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक देश के 15 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना के मामले आ चुके हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लोगों का सहयोग जरूरी है। लोगों को कम से कम लोगों के संपर्क में आना चाहिए। भीड़भाड़ से दूर रहें और विदेश यात्राओं के बारे में पूरी सूचना स्वास्थ्य मंत्रालय को दें। उन्होंने बताया कि कोरोना से लड़ने के लिए सभी लोगों के सहयोग की जरूरत है। इसे रोकने के लिए सरकार की तरफ से सारे प्रयास किए जा रहे हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*