कोराना वायरस: मेरठ में पथराव, मजिस्ट्रेट और दारोगा घायल

मेरठ। कोरोना वायरस के संक्रमण के तेज होते दौर में भी अपनी जान को जोखिम में डालने वाले कोरोना वॉरियर्स पर प्रदेश में हमले जारी हैं। यहां पर लोगों में राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत केस दर्ज होने का भी डर नहीं है। मेरठ में कुछ ऐसे ही उपद्रवियों ने लॉकडाउन के तहत चयनित हॉटस्पॉट का निरीक्षण करने गई टीम पर हमला बोल दिया। उनके इस हमले में राजपत्रित अधिकारी के साथ दारोगा भी घायल हो गए हैं।
कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने के बाद नगर के जली कोठी इलाके को आज शनिवर को सील करने गयी टीम पर पथराव करने वाले एक मौलाना सहित चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब इन पर रासुका लगाई जाएगी। पूरे इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है और पथराव करने वाले अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
शुक्रवार को मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के जली कोठी इलाके से तीन जमातियों के कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी परेशान थे। इन व्यक्तियों के साथ पॉजीटिव हुए तीन अन्य व्यक्तियों को शनिवार को कब्जे में लेने गई स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस को क्षेत्रवासियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हिंसा पर उतारू भारी भीड़ ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम पर हमला बोलते हुए पथराव कर दिया। इसके चलते सिटी मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस ने क्षेत्र को छावनी में तब्दील करते हुए कोरोना पॉजीटिव तीनों व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में उपद्रवियों की तलाश में अभियान चलाते हुए एक मस्जिद के मौलाना सहित चार व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि सभी आरोपितों के खिलाफ एनएसए सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और उन पर रासुका लगाई जाएगी।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*