कोरोना वायरस: ग्रेटर नोएडा में 2 और पॉजिटिव केस, सोसायटी सील, देश में संख्या हुई 429

नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस के मामलों में तेजी आई है। सोमवार तक मरीजों की संख्या 429 पहुंच चुकी है। जबकि कोरोना की चपेट में आकर अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले 24 घंटे में 50 से अधिक नए मरीज आए हैं और तीन मौतें हुई हैं।
दिल्ली, राजस्थान, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश में कोरोना वायरस की वजह से 31 मार्च तक लॉकडाउन है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के 16 जिलों को भी 25 मार्च तक लॉकडाउन किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में कोरोना के दो और नए मामले सामने आए हैं। दोनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। इसके बाद डीएम बीएन सिंह ने सोसाइटी को 25 मार्च सुबह तक सोसाइटी को सील कर दिया है।
कई जगहों पर लॉकडाउन के उल्लंघन की खबरें आ रही हैं। केंद्र सरकार ने सोमवार को राज्यों को खत लिखकर लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने की अपील की है। केंद्र सरकार ने कहा है कि जिन राज्यों ने लॉकडाउन का ऐलान किया है, वह सख्ती से पालन कराएं। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों से धारा 144 का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोरोना के खिलाफ गंभीरता से लड़ें। अपने और दूसरे के जीवन के साथ न खेलें। भले ही धारा 144 लागू हो, आवश्यक सेवाएं काम कर रही हैं। अपने वाहनों को न लाएं और सडक़ों पर भीड़ न लगाएं। यह अपील सडक़ों पर जाम लगने के बाद जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से लॉकडाउन के पालन करने की अपील की है। उन्होंने अपने ट्विटर पर लिखा है, ‘आप सब से पुन: अपील है कि लॉकडाउन को गंभीरता से लें, घर के अंदर रहें, अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं। सभी से अनुरोध है कि निर्देशों, नियमों और कानूनों का पालन करें और इस महामारी के विरुद्ध लड़ाई में सरकार के साथ मिलकर काम करें। सतर्क और जागरूक रहें।’

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*