कोरोना वायरस: पंजाब के बाद महाराष्ट्र में भी कर्फ्यू का ऐलान

राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कर्फ्यू की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इसकी घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि राज्य की सीमाएं सील कर दी गई हैं। इसके अलावा जिले की सीमा पर चौकसी बरती जा रही है और समूह में लोगों को कहीं नहीं जाने दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि राज्य के अंदर आने वाले सभी धार्मिक स्थान बंद कर दिए गए हैं। इन धार्मिक स्थानों पर सिर्फ धर्मगुरु पूजा करेंगे। ऐसे धार्मिक स्थानों को पब्लिक के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। ठाकरे ने लोगों के रवैये से नाराजगी जताते हुए कहा कि वे मजबूरीवश ऐलान कर रहे हैं कि पूरे राज्य में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे थे और वे कर्फ्यू की घोषणा करने पर मजबूर हुए हैं। इसी के साथ एक जिले से दूसरे जिले में ट्रांसपोर्ट भी बंद हो गया है। हालांकि जरूरी चीजें ले जाई जा सकेंगी।
उद्धव ठाकरे ने कहा कि कोरोना को लेकर हम उस बिंदु पर खड़े हैं कि अगर हम एहतियात का पालन नहीं करेंगे तो हम भी वैसा ही झेलने को मजबूर हो जाएंगे, जैसा दुनिया के कई दूसरे देश झेल रहे हैं। हमने राज्य की सीमाएं सील कर दी हैं। अब हम जिले की सीमाएं भी सील कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्फ्यू का आवश्यक सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। राज्य में दवा की दुकानें, दवाओं की सप्लाई, बेकरी, भोजन दुकान, पालतू जानवरों के क्लीनिक और फूड स्टोर, कृषि कार्य से जुड़ी दुकानें, खाद और बीज की दुकानें खुली रहेंगी।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में से है। यहां 89 लोग कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें 5 लोगों का सफलतापूर्वक इलाज किया गया है, जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*