राष्ट्रीय जनमोर्चा संवाददाता
नई दिल्ली। देश में कोरोना से संक्रमण के 11 नए मामले सामने आने के साथ ही कोरोना पॉज़िटिव मरीजों की संख्या 126 से 137 हो गई है। मंगलवार को आए 11 मरीजों में दिल्ली से एक, महाराष्ट्र से चार, लद्दाख से तीन, उत्तर प्रदेश के दो और केरल से दो मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक देश के 12 राज्यों व तीन केन्द्र शासित प्रदेशों में कोरोना वायरस के मरीजों को पुष्टि हो चुकी है। दिल्ली में अब तक 8 मामलों की पुष्टि हो चुकी है और एक मौत भी हो चुकी है। जबकि केरल में 24, उत्तर प्रदेश में 14, हरिय़ाणा में एक, महाराष्ट्र में 36, कर्नाटक में 11, आंध्र प्रदेश में एक, जम्मू व कश्मीर में 3, तमिलनाडु में एक, लद्दाख में 6, राजस्थान में 2, पंजाब में एक, ओडिशा में एक, तेलंगाना में 3, उत्तराखंड में एक मामले की पुष्टि हो चुकी है। 137 मामलों में 14 मरीज इलाज के बाद घर जा चुके हैं और तीन की मौत हो चुकी है। इनमें 24 मरीज विदेशी हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अपर सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि देश में स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मास्क और सेनिटाइजर की कालाबाजारी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा करने वालों पर स्वास्थ्य मंत्रालय व विभागों की नजर है। पकड़े जाने पर उन्हें सजा हो सकती है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सभी को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है।


Leave a Reply