अहमदाबाद। गुजरात में कोरोना वायरस तेजी से फैल रहा है। राज्य में 54 और नए मामले सामने आए हैं। इसी के साथ गुजरात में कुल संख्या 432 पहुंच गई है। अहमदाबाद में आज एक और 31 मामले सामने आए हैं। अहमदाबाद में कोरोना वायरस के रोगियों की कुल संख्या 228 तक पहुंच गई है ।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव जयंती रवि ने शनिवार को बताया कि कोरोना वायरस के 54 नए मामले शुक्रवार शाम को सामने आए हैं। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के मरीजों की संख्या 432 हो गई है। इसमें से 376 मरीजों की हालत स्थिर हैं, जबकि 34 लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे गई है। वहीं राज्य में कुल 8331 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 432 सकारात्मक रहे और 7617 नकारात्मक नतीजे सामने आए हैं। 282 नमूनों की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है ।
आनंद जिले के खंभात में एक सकारात्मक मामला दर्ज किया गया है। वहीं क्लस्टर्ड क्षेत्रों के अलावा भरुच जैसे जिलों में कोरोना सकारात्मकता के नए मामले आ रहे हैं । वर्तमान में गुजरात में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा किए गए सर्वेक्षण के दौरान 60,000 लोगों को सर्दी-खांसी और बुखार जैसी इन्फ्लूएंजा के लक्षणों का पता चला है । सांस की गंभीर बीमारियों की चपेट में अब तक कुछ लोग आ चुके हैं । ऐसे लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की विशेष नजर रहेगी । इन सभी रोगियों को होम क्वारंटाइन का पूरी तरह से पालन करने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा गुजरात सरकार ने निर्णय किया है कि जिन जिलों में कोरोना के मामले दर्ज नहीं किए गए हैं, अब वहां भी जांच की जाएगी।


Leave a Reply