दिल्ली विधानसभा चुनाव: भाजपा के 57 उम्मीदवारों का एलान, 13 सीटों पर होगा गठबंधन!

राष्ट्रीय जनमोर्चा ब्यूरो

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 57 उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया। बाकी के 13 उम्मीदवारों की सूची भी जल्द ही पार्टी घोषित करेगी। वहीं 70 सीटों वाली दिल्ली विधानसभा में भाजपा ने केवल 57 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुनाव गंठबधन के संकेत दे दिए हैं। माना जा रहा है कि भाजपा जननायक जनता पार्टी  (जजपा) और जनता दल युनाइटेड (जदयू) के साथ गंठबधन कर सकती है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में ऐसी कई विधानसभा सीटें हैं जहां बिहारी और जाट मतदाताओं का प्रभाव है। 2015 के विधानसभा में आम आदमी पार्टी ने इन जगहों पर सबसे ज्यादा सीटें जीती थीं। अब भाजपा इन जगहों पर जजपा और जदयू के सहारे नजर गड़ाए हुए हैं। अगर भाजपा इन सीटों पर सेंधमारी करने में कामयाब हो जाती है तो अपना 15 साल का वनवास भी खत्म कर सकती है। हालांकि दिल्ली में अभी तक भाजपा ने शिरोमाणी अकाली दल (शिअद) के साथ गठबंधन को लेकर स्थिति साफ नहीं हो पा रही है, क्योंकि शिअद इस बार पिछले चुनाव के मुकाबले कुछ ज्यादा सीटों की मांग कर रही है।

फिलहाल, भाजपा मुख्यालय में मनोज तिवारी ने विधानसभा सीटों के लिए 57 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं दिल्ली चुनावी प्रभारी प्रकाश जावेड़कर, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दिल्ली प्रभारी श्याम जाजू  और भाजपा राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ भी मौजूद थे। उम्मीदवारों में 11 अनुसूचित जाति के हैं, जबकि चार महिला उम्मीवारों के नाम शामिल हैं।

भाजपा ने  दिल्ली विधानसभा की सबसे चर्चित सीट नई दिल्ली विधानसभा के लिए किसी भी उम्मीदावार की घोषणा नहीं की है। इस सीट से आम आमदी पार्टी के संस्थापक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि कांग्रेस इस सीट को दोबारा अपने पाले में लाने के लिए बड़ी तैयारी कर रही है। इस बार कांग्रेस सहानभूति पाने लिए शीला दीक्षित की बेटी लातिका पर दाव खेल सकती है। इसके अलावा भाजपा ने अपने मौजूदा दोनों विधायकों विजेंद्र गुप्ता और ओपी शर्मा पर फिर से भरोसा जताया है। जबकि सहयोगी दल शिरोमाणी अकाली दल (शिअद) के विधायक जगदीश प्रधान पर भी भरोसा बनाए रखा है। मौजूदा इन तीनों विधायकों की सीटों में भी कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। पार्टी ने विजेन्द्र गुप्ता को रोहिणी से, ओपी शर्मा को विश्वास नगर से और जगदीश प्रधान को मुस्ताफाबाद से उतारा है। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए दो नेताओं कपिल मिश्रा और अनिल वाजपेयी पर भरोसा दिखाया है। कपिल को मॉडल टाउन से टिकट मिला है, जबकि अनिल वाजपेयी को पार्टी ने गांधी नगर विधानसभा सीट से उतारा है। दिल्ली की दूसरी सबसे चर्चित सीट यानी पटपड़गंज से भाजपा ने रवि नेगी पर दाव चला है। आम आमदी पार्टी ने यहां से मौजूदा विधायक और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को उतारा है। भाजपा ने उत्तरी दिल्ली नगर निगम में स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन जय प्रकाश को सदर बाजार से टिकट दिया है, जबकि छह पार्षदों में से महिला पार्षद से विधानसभा चुनाव की उम्मीदवार बनी शिखा राय को ग्रेटर कैलाश से टिकट दिया है। वहीं कैलाश सांखला को मादीपुर से, किरन वैद्य को त्रिलोकपुरी से, मनीष चौधरी को रिठाला से और विजय भगत को बादली से विधानसभा का टिकट से मैदान में उतारा है। इसके अलावा रेखा गुप्ता को शालीमार बाग, आशीष सूद को जनकपुरी, सुखीराम को अंबेडकरनगर, शैलेंद्र सिंह मोंटी को मालवीय नगर, योगेंद्र चंदोलिया को करोलबाग, रविन्द्र गुप्ता को मटिया महल, सुमन गुप्ता को चांदनी चौक,  लता सोढ़ी को बल्लीमारान और महेंद्र नागपाल को वजीरपुर से टिकट दिया गया है।

admin
About admin 3407 Articles
जितेन्द्र बच्चन भारत में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और राष्ट्रीय पुरस्कार 'भारत गौरव' से सम्मानित हैं। पत्रकारिता में 38 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। दैनिक जागरण में चीफ रिपोर्टर, पंजाब केसरी में सहायक संपादक और हिंदुस्थान समाचार में नेशनल ब्यूरो दिल्ली में CBI BEAT पर रहने के बाद अब राष्ट्रीय जनमोर्चा के सम्पादक हैं।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*